Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Israel-Hamas War: इधर युद्धविराम पर बातचीत, उधर इजरायल ने गाजा में दागी मिसाइल; दो बच्चों समेत 33 की मौत

Israel-Hamas War युद्ध विराम की कोशिशों के बीच भी इजरायल-हमास के बीच जंग थम नहीं रही है। इधर मिस्त्र कतर और अमेरिका की मध्यस्थता में युद्धविराम और शांति वार्ता के प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन उधर इजरायल ने गाजा पर नया हमला बोलेते हुए मिसाइल दागी है। हमले में 33 लोग मारे गए हैं। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।

By Agency Edited By: Sachin Pandey Updated: Sat, 24 Aug 2024 11:39 PM (IST)
Hero Image
हमले में खान यूनिस शहर के एक ही परिवार के 11 लोग मारे गए हैं। (File Image)

एपी, काहिरा। गाजा के दक्षिणी हिस्से में शनिवार को हुए तीन इजरायली हमलों में 33 लोग मारे गए हैं। इनमें से 11 लोग खान यूनिस शहर के एक ही परिवार के हैं। इन मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। इनके अतिरिक्त खान यूनिस के नजदीक के दो स्थानों पर 17 और पांच लोग मारे गए हैं।

इन्हें मिलाकर गाजा में सात अक्टूबर, 2023 के बाद मारे गए फलस्तीनियों की संख्या बढ़कर 40,334 हो गई है। ये हमले मिस्त्र की राजधानी काहिरा में संघर्ष विराम पर जारी वार्ता के बीच हुए हैं। मिस्त्र, कतर और अमेरिका की मध्यस्थता में हो रही वार्ता में इजरायल और हमास परोक्ष रूप से शामिल हैं।

वार्ता में सीधे शामिल नहीं होगा हमास

हमास के प्रतिनिधियों का दल शनिवार को काहिरा पहुंचा, लेकिन वह रविवार को होने वाली वार्ता में भी सीधे तौर पर शामिल नहीं होगा। हमास ने मिस्त्र और कतर के वार्ताकारों को अपनी अपेक्षाओं के बारे में बता दिया है, जबकि इजरायली वार्ताकारों का दल गुरुवार से काहिरा में है और वह शर्तों और अपेक्षाओं के बारे में बात कर रहा है।

इजरायली दल का नेतृत्व खुफिया संगठन मोसाद के प्रमुख डेविड बर्निया कर रहे हैं। वार्ता में अमेरिकी खुफिया संगठन सीआइए के प्रमुख विलियम ब‌र्न्स भी शामिल हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय ने कहा है कि गाजा में युद्धविराम के लिए काहिरा में चल रही वार्ता सकारात्मक ढंग से आगे बढ़ रही है।