Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

क्या है अमेरिका की ATACMS मिसाइल की खासियत? पुतिन को सता रहा जिसका डर, कहा- चली तो मिलेगा करारा जवाब

रूस ने अमेरिका द्वारा यूक्रेन को दी गई ATACMS मिसाइल को लेकर अपनी नाराजगी जताई। रूस ने कहा कि अगर अमेरिका ने यूक्रेन को रूस के अंदर लंबी दूरी की ATACMS मिसाइलों से हमला करने की अनुमति देता है तो इसका गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा। यह युद्ध फिर पश्चिमी देशों के साथ-साथ अमेरिका जर्मनी फ्रांस और ब्रिटेन तक पहुंच सकता है।

By Jagran News Edited By: Narender Sanwariya Updated: Wed, 11 Sep 2024 09:02 PM (IST)
Hero Image
रूस -यूक्रेन के बीच ATACMS मिसाइल की एंट्री। (File Photo)

रॉयटर्स, मॉस्को। यूक्रेन से चल रही जंग में अमेरिका की एंट्री पर रूस ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। रूस ने कहा है कि अमेरिका ने यदि अपने लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों से हमले की यूक्रेन को अनुमति दी तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा।

रूस ने अपने बयान में जिस एटीएसीएमएस मिसाइल का जिक्र किया जा है उसकी मारक क्षमता 300 किलोमीटर है। एटीएसीएमएस मिसाइल का वजन 160 किलोग्राम तक है। ATACMS एक सतह से दूसरे सतह पर मार करने वाली मिसाइल है। यह सेना की तोपों, रॉकेटों और अन्य मिसाइलों की सीमा से कहीं ज़्यादा दूर के लक्ष्यों पर हमला करने में सक्षम है।

रूस के अंदरूनी इलाकों पर हमले

माना जा रहा है कि अमेरिका ने ये मिसाइलें यूक्रेन को दे रखी हैं। यूक्रेन अब रूस पर हमले के लिए इनके इस्तेमाल की अनुमति अमेरिका से मांग रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की करीब एक वर्ष से अमेरिका और अन्य सहयोगी देशों से लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों और लड़ाकू विमानों की मांग कर रहे हैं जिससे उनकी सेना रूस के अंदरूनी इलाकों में हमले कर सके।

जेलेंस्की का कहना है कि इससे रूस पर यूक्रेन युद्ध खत्म करने का दबाव बनेगा लेकिन पश्चिमी देशों को डर है कि इससे युद्ध का दायरा बढ़ सकता है और यूक्रेन से बाहर भी युद्ध फैल सकता है।

अमेरिका और पश्चिमी देशों को चेताया

रूस सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस पर यूक्रेन के हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा। यह जवाब किस स्तर का होगा इसका अंदाजा नहीं लगाना चाहिए। रूसी संसद ड्यूमा के स्पीकर व्याचेस्लाव वोलोदिन ने भी यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलों की आपूर्ति और उनसे रूस पर हमले को लेकर अमेरिका और पश्चिमी देशों को चेताया है। कहा है कि उसके बाद अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन तक युद्ध पहुंच सकता है।

अमेरिका व ब्रिटेन के विदेश मंत्री पहुंचे कीव

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लेमी बुधवार को यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे। दोनों नेताओं का संयुक्त दौरा उस समय हुआ है जब यूक्रेन रूस पर ताबड़तोड़ ड्रोन हमले कर रहा है और सहयोगी देशों से लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियार मांग रहा है।

ब्लिंकन ब्रिटिश समकक्ष लेमी को साथ लेकर लंदन से कीव पहुंचे हैं। लंदन में अमेरिकी विदेश मंत्री ने ईरान पर रूस को फैथ-360 शार्ट रेंज बैलेस्टिक मिसाइल देने का आरोप लगाया। इन मिसाइलों से रूस यूक्रेन पर हमले कर रहा है। लेकिन ईरान ने अमेरिका और यूक्रेन की ओर से आए बयानों को नकारा है। कहा है कि उसने रूस को बैलेस्टिक मिसाइलें नहीं दी हैं। जबकि ब्रिटिश विदेश मंत्री लेमी ने कहा है कि हम रूसी राष्ट्रपति पुतिन की हठधर्मिता के खिलाफ खड़े रहेंगे।

यह भी पढ़ें: Russia- China: सोवियत युग के बाद रूस ने चीन के साथ शुरू किया सबसे बड़ा नौसैनिक अभ्यास, पुतिन ने अमेरिका को दी चेतावनी