Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar News: पुरानी शत्रुता में भाजयुमो नगर अध्यक्ष की हत्या, पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया; इलाके में सनसनी

मुंगेर जिले में भाजयुमो के तारापुर नगर अध्यक्ष फंटूश कुमार उर्फ बंटी सिंह की रविवार रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कांवरिया पथ स्थित गोगाचक नवटोलिया में हुई जहां फंटूश अपनी दुकान पर अपने बेटे के साथ सो रहे थे। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई है।

By Rajnish Kumar Edited By: Rajat Mourya Updated: Mon, 02 Sep 2024 06:54 PM (IST)
Hero Image
भाजयुमो के नगर अध्यक्ष की रविवार रात को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जागरण

संवाद सहयोगी, तारापुर (मुंगेर)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के तारापुर नगर अध्यक्ष फंटूश कुमार उर्फ बंटी सिंह की रविवार रात को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। कांवरिया पथ स्थित गोगाचक नवटोलिया में फंटूश अपनी दुकान पर पुत्र के साथ सो रहा था। सोमवार सुबह लोगों को इसकी जानकारी मिली।

सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर एसडीपीओ चंदन कुमार के नेतृत्व में तारापुर थाना के अपर थानाध्यक्ष टीपू सुल्तान हरपुर, संग्रामपुर व असरगंज के थानाध्यक्ष व पुलिस बल साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीपीओ के अनुसार, घटना को पुरानी शत्रुता में अंजाम दिया गया है। दिवंगत का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है।

क्या है पूरा मामला?

जनवरी 2024 में फंटूश को भाजयुमो का नगर अध्यक्ष बनाया गया था। फंटूश कुमार कच्चे कांवरिया पथ स्थित गोगाचक नवटोलिया के समीप कांवरियों के लिए अस्थायी नाश्ते की दुकान चलाता था। रविवार रात वह अपने तीन वर्षीय पुत्र पुत्र अभिषेक के साथ दुकान पर ही सो गया था। आधी रात को किसी ने सिर में दो गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी।

फंटूश के भाई नीतीश कुमार ने बताया कि फंटूश कुमार जमीन का कारोबार करता था। वह आइटीसी के पास मुंगेर में भी प्लाटिंग कर रहा था। इसे लेकर कुछ लोग दो-तीन दिन पहले मिलने भी आए थे। आशंका है कि जमीन के धंधे से जुड़े लोगों ने ही हत्या की है। आसपास के दुकानदारों ने संदेह के आधार पर रात में घूम रहे दो संदिग्धों को पकड़ पुलिस को सौंपा। भाई ने बताया कि सुबह खेत जाने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फोरेंसिक लेबोरेटरी की टीम ने भी घटनास्थल से नमूने लिए हैं।

प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस हर बिंदु पर छानबीन कर रही है। फंटूश का आपराधिक इतिहास भी रहा है। हत्या तथा शराब कारोबार जैसे मामलों में वह जेल भी जा चुका है। स्वजन की तरफ से आवेदन मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा। - चंदन कुमार,  प्रभारी एसडीपीओ

कांवड़िया पथ पर दुकान में सोए एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस सभी बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है। दोषियों को त्वरित सजा दिलाई जाएगी। फंटूश के साथ ही तीन से चार साल का बच्चा भी उसी जगह सोया हुआ था। बच्चा शॉक की स्थिति में है। उससे जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है। - सैयद इमरान मसूद,  एसपी, मुंगेर