Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पटना शूटआउट : नीलेश मुखिया का शव पटना लाया गया; पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद सांत्वना देने घर पहुंचे

बिहार की राजधानी पटना में निगम पार्षद सुचित्रा सिंह के पति नीलेश मुखिया उर्फ नीलेश यादव की मौत की सूचना के बाद से कुर्जी इलाके में दहशत का माहौल है। यहां बुधवार को दुकानें-मॉल बंद कर दिए गए। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। बता दें कि नीलेश को बीती 31 जुलाई को अपराधियों ने सात गोलियां मार दी थीं।

By Jagran NewsEdited By: Yogesh SahuUpdated: Thu, 24 Aug 2023 09:51 AM (IST)
Hero Image
नीलेश मुखिया की मौत की सूचना के बाद कुर्जी इलाके में दहशत का माहौल। सड़कें हुई सुनसान। फोटो- जागरण।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना निगम पार्षद सुचित्रा सिंह के पति नीलेश मुखिया उर्फ नीलेश यादव का शव गुरुवार को कुर्जी इलाके में स्थित उनके घर लाया गया। नीलेश की बुधवार सुबह दिल्ली के एम्स अस्पताल में मौत हो गई थी।

नीलेश की मौत की सूचना मिलते ही घर में मातम पसर गया था। शव पटना लाए जाने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद रविशंकर प्रसाद भी नीलेश के घर पर पहुंचे और परिजन को सांत्वना दी। वहीं, दूसरी ओर नीलेश के समर्थकों ने गुरुवार को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन भी किया।

समर्थकों ने किया प्रदर्शन और नारेबाजी

मृतक नीलेश मुखिया (पटना पार्षद सुचिता सिंह के पति) के समर्थकों सहित स्थानीय लोगों ने हमलावरों द्वारा उनकी हत्या पर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

नीलेश मुखिया का अंतिम संस्कार दीघा घाट पर किया गया। नीलेश की शवयात्रा के दौरान उनके समर्थन में नारेबाजी भी की गई।

बता दें कि बीती 31 जुलाई को पार्षद पति नीलेश को सात गोलियां मार दी गई थीं। इससे वह घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद उनका इलाज पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के एक अस्पताल में चला। परंतु हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली में एम्स अस्पताल ले जाया गया था।

नीलेश मुखिया का अंतिम संस्कार दीघा घाट पर किया जाएगा। pic.twitter.com/tPobs72JFg— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 24, 2023

गेट नंबर 66 के पास घर के बाहर जमा थे समर्थक

नीलेश का शव लाए जाने से पहले उनके समर्थक और आसपास के लोग दीघा के गेट नंबर 66 के पास स्थित घर के बाहर जमा हो गए थे। उनके घर के आसपास समेत पाटलिपुत्रा साई मंदिर से कुर्जी बालूपर तक की सभी दुकानें स्वत: बंद कर दी गईं।

देर शाम पेट्रोल पंप, शापिंग मॉल भी बंद कर दिए। इधर, पुलिस भी सतर्क हो गई। इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई दी गई। अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी गई।

नीलेश को मारी थीं सात गोलियां

31 जुलाई को पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के कुर्जी मोड़ के पास नीलेश की कार को ओवरटेक कर बाइक सवार पांच अपराधियों ने सात गोलियां मारी थीं। उन्हें पाटलिपुत्र स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

वहां गोलियां निकाल दी गई थीं, लेकिन सेहत में सुधार नहीं हुआ था। सात अगस्त को नीलेश को एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स भेजा गया था।

वहां उपचार के दौरान बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। नीलेश भाजपा से भी जुड़े थे। उनकी पत्नी वार्ड नंबर 22बी की पार्षद हैं।

दो बच्चों से छिना पिता का साया, परिवार में कोहराम

नीलेश की मौत से घर में कोहराम मचा है। पत्नी सुचित्रा सिंह सदमे में हैं। उनकी 10 वर्षीय पुत्री और छह वर्ष के बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। सांत्वना को पहुंच रहे लोग भी उनकी दशा देखकर अपना धैर्य खो बैठते हैं।

दो भेजे गए जेल, मुख्य आरोपित सहित पांच फरार

मामले में चार अज्ञात और बालू कारोवारी पप्पू-धप्पू समेत तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। पाटलिपुत्र पुलिस ने 14 अगस्त को पटना सिटी से दो शूटरों सैय्यद शाहनवाज और मो. राजा को गिरफ्तार किया था।

उनके पास से दो पिस्टल, मैगजीन, दो मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल दोनों बाइक भी बरामद कर ली गई थी। वहीं मुख्य आरोपित सहित कई पांच अन्य फरार हैं।

दिल्ली में हुआ पोस्टमार्टम अब हत्या में बदलेगा केस

नीलेश के शव का पोस्टमार्टम दिल्ली में कराया गया। कानूनी प्रक्रिया के बाद स्वजन शव लेकर सड़क के रास्ते पटना आ रहे हैं। मामले में हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज हुआ था। उसे अब हत्याकांड में बदला जाएगा।

तीनों शूटरों की पहचान, राजेंद्र नगर व अगमकुआं में छापेमारी

कदमकुआं थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित बेबी पार्क के पास दो युवकों को गोली मारकर जख्मी करने वाले तीनों शूटरों की पुलिस ने पहचान कर ली है।

तीनों की तलाश में राजेंद्र नगर और अगमकुआं में छापेमारी की जा रही है। दो संदिग्ध से पूछताछ भी जा रही है। अब तक की जांच में पुराने विवाद में फायरिंग की बात सामने आ रही है।

साथ ही एक अन्य पुराने मामले की फाइल पलट जा रही है। फिलहाल जख्मी सूरज मिश्रा और पप्पू खतरे से बाहर हैं। दोनों का पुलिस बयान दर्ज कर चुकी है।

कुछ माह पूर्व कदमकुआं में रंगदारी और चाकूबाजी की घटना सामने आई थी। मामले में गिरफ्तारी भी हुई थी।