Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Weather Bihar: पटना समेत 18 जिलों में होगी झमाझम बारिश, कैमूर व रोहतास के लिए जारी हुआ येलो अलर्ट

आज बिहार में राजधानी पटना समेत 18 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि राजधानी समेत प्रदेश में मॉनसून की सक्रियता बनी हुई है। बीते 24 घंटों में पटना समेत बिहार के दक्षिणी और उतरी भागों के अनेक हिस्सों में भारी बारिश हुई है। ऐसे में आज भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

By Jagran NewsEdited By: Mukul KumarUpdated: Thu, 07 Sep 2023 08:39 AM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। फोटो- जागरण

जागरण संवाददाता, पटना : बिहार की राजधानी पटना समेत प्रदेश में मॉनसून का प्रभाव चार दिनों तक बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

गुरुवार को पटना समेत राज्य के दक्षिणी भागों के 18 जिलों में वज्रपात व मेघ गर्जन के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं। जबकि उत्तरी भागों के अनेक स्थानों पर मौसम सुहाना बना रहेगा। आठ सितंबर को कैमूर व रोहतास जिले में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटों के दौरान पटना समेत शेष भागों में मॉनसून अनुकूल होने के कारण कुछ जगहों पर बूंदाबांदी तो कहीं हल्की वर्षा का प्रभाव रहा।

शेखपुरा के घाट कुसुम्बा में सर्वाधिक वर्षा 71.2 मिमी जबकि राजधानी में 4.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बुधवार को 37.4 डिग्री सेल्सियस सीतामढ़ी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी समेत जिलों में छाए रहे बादल 

बुधवार को पटना समेत कई जिलों में सुबह से मौसम सुहाना बना रहा। सुबह में बूंदाबांदी व दोपहर बाद बादल छाए रहे। बक्सर में तेज हवा के साथ सुबह वर्षा हुई। आरा, भभुआ, गया समेत अन्य जिलों में कुछ इसी प्रकार की स्थिति रही।

यह भी पढ़ें- Bihar: KK Pathak को शिक्षा विभाग से करें विदा, नहीं तो होती रहेगी फजीहत, सुशील मोदी की नीतीश सरकार को नसीहत

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मॉनसून ट्रफ बीकानेर, गुना, मंडला, रायपुर से होते हुए दक्षिण पूर्व की ओर पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तक प्रभावी है। मॉनसून सीजन के दौरान प्रदेश में 597.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई जो सामान्य से 27 फीसद कम है।

अगस्त माह मॉनसून का प्रभाव दक्षिणी भागों के अधिसंख्य जिलों में कमजोर रहा। अरवल, औरंगाबाद, बेगूसराय, भागलपुर, बक्सर, गया, जहानाबाद, जमुई, किशनगंज, रोहतास में सामान्य से कम वर्षा हुई। औरंगाबाद में 156.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई जो सामान्य से 38 फीसद कम है।

वहीं अररिया में सामान्य से 44 फीसद कम वर्षा दर्ज की गई। पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण इन जिलों में खेती-किसानी पर बुरा असर पड़ा है। इन स्थानों पर बिना बरसे बादल गुजर गए। मॉनसून का मजबूत प्रभाव नहीं होने के कारण वर्षा में कमी आई है।

इन जिलों में दर्ज की गई वर्षा 

नालंदा के बिहारशरीफ में 46.2 मिमी, लखीसराय के चानन में 44.4 मिमी, भोजपुर के चरपोखरी में 42.6 मिमी, रोहतास के चेनारी में 40.0 मिमी, नालंदा के एकंगरसराय में 31.6 मिमी, भागलपुर के सुल्तानगंज में 29.6 मिमी, बक्सर में 28.6 मिमी, भभुआ में 24.4 मिमी, मुंगेर के संग्रामपुर में 24.2 मिमी व राजधानी में 4.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई।