Delhi Weather: आज से तीन दिन छाए रहेंगे बादल, लेकिन बरसात नहीं; IMD ने उमस को लेकर दिया अपडेट
दिल्ली में शनिवार को तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से हल्की उमस भरी गर्मी महसूस की गई। रविवार को भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि अगले सप्ताह बुधवार से शुक्रवार के बीच बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार को तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से हल्की उमस भरी गर्मी महसूस की गई। इस बीच हवा की गति कम होने और स्थानीय कारणों से प्रदूषण के स्तर में आंशिक बढ़ोतरी हुई।
इस वजह से दिल्ली और एनसीआर में ज्यादातर जगहों पर हवा की गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में पहुंच गई। तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में ही रहने की संभावना है।
कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सहित तीन दिन आकाश में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान वर्षा होने की खास संभावना नहीं है। रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अगले सप्ताह बुधवार से शुक्रवार के बीच बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है। तब तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है।
कल कितना रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य है। एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस था।
दिल्ली एनसीआर का AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली का एयर इंडेक्स 116 रहा। एक दिन पहले शुक्रवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 96 व बृहस्पतिवार को एयर इंडेक्स 56 था। दो दिन बाद एयर इंडेक्स 100 से अधिक पहुंचने से हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में पहुंच गई।
गाजियाबाद का एयर इंडेक्स 116, ग्रेटर नोएडा का 158, गुरुग्राम का 108 व नोएडा का एयर इंडेक्स 142 रहा। फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 100 से कम 87 रहा जो संतोषजनक श्रेणी में है।