Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हवा के झोंके की तरह आए और गायब हो गए ये सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, इन 7 को तो पहचानते होंगे आप

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आज के समय में आम आदमी की जिंदगी का एक अहम हिस्सा हैं। लोग घर जाकर घंटों-घंटों रील्स देखते हुए और वीडियोज के साथ बिताते हैं। कई लोगों को इस सोशल मीडिया ने रातों-रात सेंसेशन बना दिया है। रानू मंडल और डब्बू अंकल सहित ये 7 लोग रातों रात स्टार बने लेकिन पलक झपकते ही गायब हो गए।

By Tanya Arora Edited By: Tanya Arora Updated: Thu, 08 Aug 2024 06:28 PM (IST)
Hero Image
रातों रात स्टार बनकर पल भर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हुए गुम/ फोटो- Jagran Graphics

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। आज के समय में सोशल मीडिया की पावर को हर कोई अच्छी तरह से समझता है। ये प्लेटफॉर्म रातों रात लोगों को फर्श से अर्श तक पहुंचा देता है, लेकिन यहां उन्हीं का सिक्का चलता है, जो खुद को लगातार लाइमलाइट में रखना जानता है।

ऐसे ही कई लोग आए, जिनकी सोशल मीडिया पर वीडियोज इतनी वायरल हुई कि हर कोई देखता ही रह गया, लेकिन वह जितनी जल्दी मीडिया खबरों में छाए, उतनी ही जल्दी वह गायब भी हो गए।

हम अपने इस आर्टिकल में आपको उन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आए तो तूफानी अंदाज में, लेकिन सफलता को संभाल नहीं पाए और गायब हो गए। चलिए फटाफट से देखते हैं लिस्ट-

रानू मंडल

अपनी आवाज के दम पर रातों-रात सोशल मीडिया स्टार बनीं रानू मंडल को एक दिन में इतनी लोकप्रियता मिली, जिसे पाने के लिए कई स्टार्स दिन रात मेहनत करते हैं। राणाघाट रेलवे स्टेशन पर जब वह स्वरकोकिला लता मंगेशकर का गाना 'एक प्यार का नगमा' है गुनगुना रही थीं, तो एक शख्स ने उनका वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।

यह भी पढ़ें: 'काचा बादाम' का हरियाणवी रीमिक्स वायरल, पहली बार सामने आया ओरिजिनल सिंगर भुवन का रैपर स्टाइल

देखते ही देखते इंटरनेट पर वह वीडियो आग की तरह फैल गया और लोगों ने उनकी आवाज की तारीफ की। इसके बाद 2019 में सिंगर हिमेश रेशमिया ने उनके साथ तीन गाने गाए, लेकिन माना जाता है कि ये लोकप्रियता उन्हें हजम नहीं हुई।

पॉपुलैरिटी को वह संभाल नहीं सकीं, जिसके बाद उन्हें काम मिलना बंद हो गया। ऐसी भी खबरें आई थीं कि कोरोना काल में वह आर्थिक तंगी का शिकार हो गयी थीं। अब वह कहां हैं, अपने जीवन में क्या कर रही हैं कोई नहीं जानता।

सहदेव दिर्डो

'बचपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना...' ये गाना एक समय पर हर किसी की जुबान पर चढ़ चुका था। दरअसल इस गाने को गाने वाला बच्चा सहदेव दिर्डो था, जो इस गाने से रातों-रात स्टार बना था। उनकी पॉपुलैरिटी को देखते हुए रैपर बादशाह ने भी उनके साथ कोलाब्रेशन किया।

कुछ समय तक तो सहदेव का जो भी वीडियो आया, वो वायरल हुआ, लेकिन एक दिन अचानक उनके एक्सीडेंट की खबर आई और कुछ तस्वीरें सामने आई जिसमें उनके सिर पर चोट लगी हुई है। एक्सीडेंट के बाद से ही वह गुमनामी में चले गए।

भुवन बड्याकर

अंजलि अरोड़ा भले ही कच्चा बादाम गर्ल बनकर मशहूर हुई हों, लेकिन इस गाने के असली हकदार भुवन बड्याकर हैं, जो बंगाल में अपनी मूंगफली की बिक्री करते हुए इस गाने को गुनगुनाते थे।

इस गाने को ऑफिशियली रिकॉर्ड भी किया गया और वह रातों-रात इस गाने से छा गए, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया और जल्द ही वह जहां से आए थे, उन्हें वहीं लौटना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया है कि वह एक बार फिर से अपने परिवार का पेट पालने के लिए मूंगफली बेचते हैं।

विपिन साहू

'लैंड करा दे भाई' विपिन साहू का ये वीडियो सोशल मीडिया पर इतना वायरल हुआ था कि रातों-रात वह इंटरनेट सेंसेशन बन गए थे। उनकी इस वीडियो ने लोगों को तो खूब हंसाया ही, लेकिन इंडस्ट्री में उन्हें काम भी दिलाया। भारती सिंह से लेकर आलिया भट्ट तक के साथ उन्हें एड शूट करने का मौका मिला।

वह एमटीवी रोडीज में भी नजर आए। इंस्टाग्राम पर उनके 84 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स भी हैं, लेकिन उनके वीडियो वैसे वायरल नहीं होते जैसे 2022 में हुआ करते थे। वह एक बार फिर से उसी पॉपुलैरिटी के इंतजार में हैं, जो उन्हें 2016 में मिली थी।

प्रिया प्रकाश वारियर

विंक गर्ल बनकर प्रिया प्रकाश वारियर ने सोशल मीडिया पर खूब धमाल मचाया था, ये उनकी फिल्म का एक सीन था, जो देखते ही देखते वायरल हुआ और वह बन गईं इंडिया की 'विंक गर्ल'। मलयालम और तेलुगु फिल्मों में प्रिया काम कर रही हैं और वहां पर अपनी पहचान बना रही हैं, लेकिन मूवीज से भी उन्हें वो पहचान नहीं मिल रही है, जिसकी उन्हें चाहत है।

ढिंचैक पूजा

'दिलो का शूटर है मेरा स्कूटर...' और 'सेल्फी मैंने ले ली आज...' जैसे कई गाने आपने सुने भी होंगे और उसे गाने का चस्का भी लगा होगा। खुद को रैपर बताने वालीं ढिनचैक पूजा ने इन दोनों गानों को गाया था, जो काफी वायरल हुए थे। लोगों ने उनके रैप का मजाक उड़ाया, लेकिन उन्हें इससे बिग बॉस के घर में आने का मौका मिला।

बिग बॉस में सादगी से उन्होंने सबका दिल जीता, लेकिन वह देखते ही देखते गायब हो गईं और अब उनके गाने आते भी हैं तो वायरल नहीं होते। बीते दिनों वह कलर्स के शो 'लाफ्टर शेफ' में चंद मिनटों के लिए दिखाई दी थीं।

डब्बू अंकल

गोविंदा के स्टाइल को कॉपी करने की कोशिश तो बहुत लोग करते हैं, लेकिन उन्हें जिन्होंने घूट के पिया है, वह थे डब्बू अंकल। गोविंदा के आप के आ जाने से गाने से वह छा गए थे। शादी में उनका और उनकी पत्नी का वीडियो ऐसा वायरल हुआ, जिसने उन्हें उनके आइडल गोविंदा तक पहुंचा दिया।

हालांकि, वह देखते ही देखते सोशल मीडिया से गायब हो गए और दोबारा उनके कोई भी मजेदार वीडियोज नहीं आए।

यह भी पढ़ें: रानू मंडल ने गाया Manike Mage Hithe, लोग बोले- 'योहानी ना सुन ले कहीं...'