Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हरियाणा पुलिस की महिला सिपाही ने घरेलू कलह में खाया जहर, मौत

घरेलू कलह में हरियाणा पुलिस की महिला सिपाही ने जहर निगल लिया। पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने जांच में पाया है कि महिला का पति के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।

By Jagran NewsEdited By: Jagran News NetworkUpdated: Wed, 05 Apr 2023 12:09 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा पुलिस की महिला सिपाही ने घरेलू कलह में खाया जहर

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। हरियाणा पुलिस की महिला सिपाही ने घरेलू कलह के चलते जहर निगल लिया। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला सिपाही फिलहाल बहादुरगढ़ कोर्ट परिसर की सुरक्षा में तैनात थी। इस घटना के बाद बहादुरगढ़ बार एसोसिएशन से जुड़े वकीलों ने भी बुधवार को वर्क सस्पेंड रखा हुआ है।

घटना को लेकर वकीलों ने शोक भी जताया। महिला सिपाही इंदु फिलहाल बहादुरगढ़ के सदर थाना के पीछे स्थित पुलिस क्वार्टर में परिवार समेत रह रही थी। बताते हैं कि उसका पति संजीत से झगड़ा हो रहा था। इस घरेलू कलह के चलते ही उसने मंगलवार की शाम को जहर निगल लिया था।

फौजी है महिला का पति

महिला को तुरंत शहर के ब्रह्मशक्ति अस्पताल में ले जाया गया। जहां से उसे रेफर कर दिया गया था। बाद में उसे रोहतक के निजी अस्पताल में ले गए। वहां पर उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला सिपाही का पति संजीत फौज में तैनात है और इन दिनों छुट्टी पर आया हुआ था। पति-पत्नी के बीच कलह के चलते यह घटना हुई। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पटेल नगर में भी हुई थी ऐसी ही घटना

गौरतलब है कि घरेलू को लेकर ही तीन दिन पहले पटेल नगर में एक युवक ने भी जहर खा लिया था। उसने सुसाइड नोट भी छोड़ा था। उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया था। अब महिला सिपाही ने भी घरेलू कलह के चलते जहर खा लिया।