Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

नूंह के बीबीपुर गांव में बारिश के चलते भरभराकर गिरा मकान, मां और दो बच्चे मलबे में दबे

नूंह के गांव बीबीपुर में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गांव बीबीपुर में बरसात के पानी से एक मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से विधवा महिला समेत उसके दो बच्चे मलबे में दब गए। इसमें महिला के पांच वर्षीय बच्चे अबूजर की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए नूंह के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

By Jagran News Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Mon, 12 Aug 2024 12:44 PM (IST)
Hero Image
मकान गिरने के बाद मौके पर जमा स्थानीय लोग। फोटो- जागरण।

जागरण संवाददाता, नूंह। सोमवार सुबह करीब सात बजे नूंह जिले के गांव बीबीपुर गांव में मकान में अपनी विधवा मां सेकूनी के साथ सो रहे सात वर्षीय सना व 5 वर्षीय अबूजर मकान ढह जाने के कारण उसमें दब गए। जिस कारण तीनों घायल हो गए।

मकान गिरने की सूचना पर आसपास के लोग भाग कर आए उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को मलबा हटाकर निकला। पांच वर्षीय अबूजर को गंभीर चोटों के चलते मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं दो अन्य घायल मां-बेटी का स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

गांव के इसाक, इमरान ,रति खां व कई ग्रामीणों ने बताया है कि सोमवार को सुबह लगभग सात बजे मकान गिरने की आवाज आई। मौके पर जाकर गांव के लोगों ने देखा तो मकान में सेकुनी व उसके बच्चे दबे हुए थे। गांव के लोगों ने आनन फानन में गिरे हुए मकान का मलबा हटाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला।

ग्रामीणों के अनुसार विधवा सेकुनी के पांच वर्षीय बेटे अबूजर को गंभीर चोटें आई हुई थी, उसको तुरंत नूंह के मेडिकल कालेज अस्पताल में भिजवा दिया, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। इसके अलावा विधवा व उसकी 7 वर्ष की बेटी सना का उपचार स्थानीय अस्पताल में कराया गया।

गांव के लोगों ने बताया कि विधवा के घर के पीछे वर्षा का पानी एकत्रित हो गया था। जिसके कारण दीवार ढह गई । जिस कारण पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। विधवा का जो मकान गिरा है वह दो मंजिला था। विधवा अपने बच्चों के साथ ऊपरी मंजिल के कमरे में सो रही थी।

घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं इस मौके पर कांग्रेस के नेता मेहताब अहमद भी पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी, तथा प्रशासन की तरफ से भरपूर सहयोग का आश्वासन दिलाया।