Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ऐतिहासिक मुढाढ़ 360 चौपाल पर राज्यमंत्री कमलेश ढांडा का हाजिर होने से इंकार, जयप्रकाश बोले मैं तो आउंगा

कलायत में कांग्रेस की विजय तिरंगा यात्रा के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश ने विभिन्न विकास कार्यों को लेकर राज्यमंत्री पर झूठा श्रेय लेने के आरोप लगाए थे। इस पर राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री को बहस के लिए आमंत्रित किया था।

By Pankaj KumarEdited By: Naveen DalalUpdated: Sun, 25 Sep 2022 10:48 AM (IST)
Hero Image
2024 विधानसभा चुनाव में जनता खुद मिलाएगी विकास का बही खाता : कमलेश ढांडा।

कलायत (कैथल), रणबीर धानियां। ऐतिहासिक मुढाढ़ 360 चौपाल पर 26 सितंबर को राज्यमंत्री कमलेश ढांडा हाजिर नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि 2019 के विधानसभा चुनाव की तरह 2024 के चुनाव में खुद हलका की जनता विकास के बही खाते का निर्णय करेगी। वे शनिवार को कलायत में वाल्मीकि आंबेडकर आंदोलन के तहत आदि धर्म समाज द्वारा आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रही थी।

कमलेश ढांडा ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश की तरफ से उनके पास विकास कार्यों पर बहस के लिए कोई चिट्ठी या संदेश नहीं आया है। यदि वे खुद ही दिन और समय निर्धारित करते हैं तो इसका कोई औचित्य नहीं है। वे विकास कार्य करवाने में रुचि रखती हैं। समय कर्तव्य का संजीदगी से निवर्हन करने का है। 2024 के चुनाव परिणाम अपने आप पूरे मंजर को साफ कर देंगे। इस प्रकार उन्होंने विकास के बही खाते पर होने वाली बहस को दो दिन पहले दो वर्ष के लिए टाल दिया।

धर्मपाल शर्मा के भ्रष्टाचार के आरोपों को नकारा

राज्यमंत्री ने भाजपा के पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष धर्मपाल शर्मा द्वारा उन पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को सिरे से नकार दिया। कमलेश ढांडा ने कहा कि वे ईमानदारी से काम करती आई हैं और करती रहेंगी। वे किसी प्रकार की कोई प्रतिकूल टिप्पणी विरोधियों पर नहीं करना चाहती। उनका लक्ष्य मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रस्तावित कलायत विकास रैली के आयोजन को लेकर है।

इस तरह शुरू हुआ था सिलसिला

कलायत में कांग्रेस की विजय तिरंगा यात्रा के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश ने विभिन्न विकास कार्यों को लेकर राज्यमंत्री पर झूठा श्रेय लेने के आरोप लगाए थे। साथ ही विकास का बही खाता मिलाने की चुनौती दी थी। इस पर राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने 17 सितंबर को कलायत में भारत रत्न डा.भीम राव अंबेडकर भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में पूर्व केंद्रीय मंत्री को बहस के लिए आमंत्रित किया था। इस चुनौती को स्वीकारते हुए जेपी ने बहस के लिए कलायत की ऐतिहासिक मुढाढ़ 360 चौपाल पर 26 सितंबर को सुबह 11 बजे का समय निर्धारित किया था।

मैं तो आउंगा : जेपी

पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश ने कहा कि कलायत के विकास के बही खाता को लेकर जो तारीख और समय तय किया गया है वे निश्चित तौर से उस दिन आएंगे। मुढाढ़ 360 चौपाल उनके लिए सर्वोच्च और पूजनीय स्थल है। यह उन लोगों को तय करना है जो हलका के विकास का बही खाता मिलाने की बात करते आए हैं। वे जुबान के धनी हैं। कार्यकर्ता साथियों के समक्ष अपनी बात रखेंगे। कलायत हित उनके लिए सर्वेपरि है।