Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana News: रोहतक की जेएलएन नहर में मिले व्यक्ति के शव की हुई पहचान, संदिग्ध परिस्थिति में हुए थे लापता

हरियाणा के रोहतक में दिल्ली बाईपास पुल पर जवाहर लाल नेहरू कैनाल नहर में एक दिन पहले शव मिला था। अब इस मिले शव की पहचान हो गई है। शव की पहचान पानीपत के तहसील कैंप एरिया के न्यू रमेश नगर निवासी 46 वर्षीय प्रवीन चोपड़ा के रूप में हुई। बता दें कि प्रवीन चोपड़ा छह सितंबर को संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे।

By Jagran NewsEdited By: Shoyeb AhmedUpdated: Sat, 09 Sep 2023 02:46 PM (IST)
Hero Image
रोहतक की जेएलएन नहर में मिले व्यक्ति के शव की हुई पहचान

रोहतक, जागरण संवाददाता। रोहतक शहर में दिल्ली बाईपास पुल पर जवाहर लाल नेहरू कैनाल नहर में एक दिन पहले मिले व्यक्ति के शव की पहचान हो गई है। शव की पहचान पानीपत के तहसील कैंप एरिया के न्यू रमेश नगर निवासी 46 वर्षीय प्रवीन चोपड़ा के रूप में हुई। वो छह सितंबर से संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे। स्वजनों के अनुसार वो घर से कपड़े खरीदने की कहकर गए थे, लेकिन देर रात तक नहीं लौटे।

फेब्रिक कंपनी में सीनियर मर्चेंटडाइजर थे

प्रवीन चोपड़ा करनाल की जेवी फेब्रिक कंपनी में सीनियर मर्चेंटडाइजर थे। उन्हें शनिवार को कंपनी की ओर से ऑफिस टूर पर चीन के लिए रवाना होना था। लेकिन छह सितंबर को वो संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गए।

मोबाइल के सिम को दूसरे फोन में डाल किया काल तो हुई पहचान

रोहतक के आइएमटी थाना पुलिस ने शुक्रवार देर शाम उनका शव जेएलएन नहर से बरामद किया था। शव के कपड़ों में पुलिस को एक मोबाइल फोन और चाबी मिली थी। शनिवार अलसुबह शव की पहचान हो पाई। पुलिस ने शव के पास से मिले मोबाइल फोन का सिम निकालकर उसे दूसरे फोन में डालकर कुछ नंबर पर काल की तो कारोबारी की पहचान हो गई।

लापता होने के बाद से बंद था फोन

पानीपत के तहसील कैंप थाना के जांच अधिकारी सतीश मलिक ने बताया कि प्रवीन चोपड़ा की पत्नी हर्षा चोपड़ा की शिकायत पर गुमशुदगी का केस दर्ज किया हुआ है। हर्षा ने बताया था कि उनके पति छह सितंबर को कपड़े लेने के लिए बाजार गए थे। लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटे। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो उनका फोन लगातार बंद आ रहा था। उसकी लोकेशन भी ट्रेस नहीं हो पा रही थी। वहीं आइएमटी थाना प्रभारी एसआइ हवा कौर ने बताया कि शव का पीजीआइ में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़ें:- 24 वर्षीय युवक की पत्थर से सिर कुचलकर की निर्मम हत्या, दोस्तों पर घूम रही पुलिस के शक की सुई