Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सुबह वीडियो कॉल पर की बात, रात को जम्मू-कश्मीर में बलिदान हो गया हमीरपुर का लाल; 3 साल पहले हुई थी शादी

Terror Attack in Jammu Kashmir जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में शुक्रवार शाम हुई मुठभेड़ में हमीरपुर के 27 वर्षीय जांबाज अरविंद सिंह शहीद हो गए। अरविंद सिंह की तैनाली बटालियन 20 डोगरा तथा राष्ट्रीय राइफल डोडा किश्तवाड़ में थी। इस मुठभेड़ में भारतीय सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। अरविंद सिंह के बलिदान होने से पूरा परिवार सदमे में है।

By ranbir thakur Edited By: Rajiv Mishra Updated: Sun, 15 Sep 2024 08:40 AM (IST)
Hero Image
किश्तवाड़ में बलिदान हो गए हमीरपुर के अरविंद सिंह

संवाद सहयोगी, कांगू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के छात्रू में शुक्रवार शाम हुई मुठभेड़ में हमीरपुर का 27 वर्षीय जांबाज बलिदान हो गया। नादौन उपमंडल के हथोल पंचायत के लाहड़ निवासी अरविंद सिंह 2017 में सेना में सिपाही रैंक पर भर्ती हुए थे।

उनकी बटालियन 20 डोगरा तथा राष्ट्रीय राइफल डोडा किश्तवाड़ में तैनाती थी। सैनिक के बलिदान की सूचना मिलते ही पिता राजेंद्र सिंह व माता सरोज कुमारी सहित पत्नी इक्षु देवी सन्न रह गए। अचानक अरविंद के जाने से परिवार सदमे में है।

जवान की 3 साल पहले ही हुई थी शादी

अरविंद की तीन वर्ष पहले ही शादी हुई थी। 15 माह के बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है। बलिदानी के पिता ने बताया शुक्रवार सुबह 10 बजे वीडियो कॉल के माध्यम से सारे परिवार से बात हुई थी व सबका हाल जाना था। अरविंद एक माह की छुट्टी के बाद 15 दिन पहले ही वापस गया था।

अरविंद का छोटा भाई परमजीत भी डोगरा रेजीमेंट-8 जम्मू में तैनात है। बलिदानी के दादा देवी सिंह भी सेना में थे। पिता राजेन्द्र सिंह दिहाड़ी मजदूरी करते हैं।

यह भी पढ़ें- राजौरी में आतंकियों और सेना में मुठभेड़, दोनों तरफ से लगातार हो रही गोलीबारी; जवानों ने जंगल को घेरा

पूरे इलाके में शोक की लहर

शुक्रवार रात को बटालियन से फोन के माध्यम से बताया गया कि किश्तवाड़ में चले ऑपरेशन में आतंकियों की गोली लगने से अरविंद बलिदान हुए हैं। सैनिक के बलिदान होने की सूचना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। इस मुठभेड़ में भारतीय सेना ने तीन आतंकी मार गिराए हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक कमलेश ठाकुर, भाजपा नेता विजय अग्निहोत्री, राज्य भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वंदना योगी, पंचायत उपप्रधान शम्मी कुमार, बीडीसी सदस्य रमेश चंद सहित अन्य ने बलिदानी के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

यह भी पढ़ें- किश्तवाड़ में हमले के बाद फरार आतंकियों का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग, चप्पा-चप्पा खंगाल चुके जवान