2nd Gulmarg Khelo India Winter Games: गुलमर्ग में नेशनल सेंटर फॉर एक्सिलेंस का उद्घाटन, J&K ने जीते तीन स्वर्ण
केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने गुलमर्ग में विंटर गेम्स का नेशनल सेंटर फॉर एक्सिलेंस का उद्घाटन किया।अपने संबोधन में कहा कि इस सेंटर के बन जाने से गुलमर्ग में विंटर खेलों को पहले की अपेक्षा और अधिक प्राेत्साहन मिलेगा।
जम्मू, जागरण संवाददाता। केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने गुलमर्ग में विंटर गेम्स का नेशनल सेंटर फॉर एक्सिलेंस का उद्घाटन किया। इस मौके पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के सलाहकार फारूक खान, साई के डीजी मुकुंद प्रधान सहित खेल विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।किरण रिजिजू ने अपने संबोधन में कहा कि इस सेंटर के बन जाने से गुलमर्ग में विंटर खेलों को पहले की अपेक्षा और अधिक प्राेत्साहन मिलेगा। खिलाड़ियों को भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार गुलमर्ग को विंटर खेलों का अंतरराष्ट्रीय स्थल बनाने के लिए वचनबद्ध है।
इसी बीच केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की टीम ने अभी तक गुलमर्ग में जारी दूसरी खेलाे इंडिया नेशनल खेलो इंडिया विंटर गेम्स में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो दिन में तीन स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमा लिया है। हालांकि आज यानि रविवार को तीसरे दिन के खेल शुरू होना बाकी हैं। पुरुषों की नोर्डिंक खेल में 38 खिलाड़ियों ने भाग लिया। एएससीबी के थुम्स्टन सीवांग ने पहला, शुभम पन्हार ने दूसरा और रियाज अहमद व पद्मा नामग्याल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
महिला वर्ग की क्रॉस कंट्री में 22 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें कर्नाटक की भवानी ने स्वर्ण पदक जीता। एआइपीएससीबी के प्रिंस ने रजत पदक और लद्दाख के सेरिंग लाडोल ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुषों के स्नो शू वर्ग में महाराष्ट्र के विशाल विष्णु ने स्वर्ण पदक, जम्मू कश्मीर के मुजमिल ने रजत पदक और जम्मू कश्मीर के ही सुहेल निसार ने कांस्य पदक हासिल किया। जूनियर वर्ग में जम्मू कश्मीर के एजाज अहमद कीनू और पवनीत सिंह ने स्वर्ण व रजत पदक जीते जबकि गुलाम सैयद हैदर को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
स्नो शू के 150 मीटर वर्ग में जम्मू कश्मीर के मुजमिल हुसैन मीर ने स्वर्ण पदक जीता। निसार शाह ने रजत पदक और लद्दाख के हुसैन ने कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की। महिलाओं के आइस स्टॉक में लद्दाख ने स्वर्ण पदक जीता। जम्मू कश्मीर की ए टीम ने रजत और चंडीगढ़ व जम्मू कश्मीर की बी टीम को संयुक्त रूप से कांस्य पदकों से संतोष करना पड़ा। पुरुषों के आइस स्टॉक वर्ग में जम्मू कश्मीर की ए टीम ने स्वर्ण, जम्मू कश्मीर की ही बी टीम ने रजत पदक जीते। आंध्र प्रदेश और कर्नाटक ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान पाया।