Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मध्य प्रदेश में ठंड का कहर जारी, लोगों को परेशान कर रही शीतलहर, 7 जनवरी तक नहीं मिलेगी ठंड से राहत

मध्य प्रदेश में ठंड का कहर लगातार जारी है। जिसके कारण लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रात में कोहरे के कारण कड़ाके की ठंड रही लेकिन न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जिससे शीतलहर के हालात रहे।

By Jagran NewsEdited By: Versha SinghUpdated: Wed, 04 Jan 2023 11:52 AM (IST)
Hero Image
मध्य प्रदेश में ठंड का कहर जारी, लोगों को परेशान कर रही शीतलहर

ग्वालियर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश में ठंड का कहर लगातार जारी है। जिसके कारण लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, रात में कोहरे के कारण कड़ाके की ठंड रही, लेकिन न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जिससे शीतलहर के हालात रहे।

वहीं, लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। पांच जनवरी से शहर में शीतलहर की दस्तक होगी, जिससे न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस के बीच आ जाएगा। पांच जनवरी के बाद शीतलहर, कोहरा, कोल्ड डे के टार्चर का सामना भी करना पड़ेगा।

मंगलवार-बुधवार की रात शहर में घना कोहरा छाया था। दृश्यता 200 मीटर से कम थी। दोपहर 12 बजे तक धूप निकलने की संभावना नहीं है। बीते दिन अधिकतम तापमान 16.4 रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने चार जनवरी को ठंड का आरेंज अलर्ट जारी किया है।

पूरे हफ्ते रहेगी कड़ाके की ठंड, सात को सबसे ज्यादा ठंडा रहेगा शहर

पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली ठंड हो रही है। इन राज्यों में पड़ रही ठंड से ग्वालियर-चंबल संभाग का मौसम प्रभावित हो गया है। दिन व रात में शहर के लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

चार जनवरी को घना कोहरा छाने के आसार है। दृश्यता 200 मीटर से कम रहेगी। दोपहर के 12 बजे के बाद सूरज निकलने की संभावना रहेगी, लेकिन दिन में बर्फीली हवा चलने से धूप भी ठंड से राहत नहीं पहुंचाएगी।

अधिकतम तापमान स्थिर रहेगा। अब चार से सात जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री के बीच आ जाएगा। सात जनवरी को सबसे ज्यादा ठंड पड़ सकती है। उत्तरी हवा क्षोभ मंडल तक सक्रिय है। इस कारण वातावरण ज्यादा ठंडा हो गया है।

सात को आएगा नया पश्चिमी विक्षोभ, उसके बाद राहत की उम्मीद

जम्मू कश्मीर में सात जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जिससे उत्तरी हवा कमजोर होगी। पश्चिमी हवा का चलना शुरू होगा, जिससे कोहरे में कमी आएगी। दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी होने से ठंड से तीन दिन की राहत मिलेगी, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के गुजर जाने के बाद फिर से ठंड की वापसी होगी।

ग्वालियर में कोहरा छाने से ठंड रहेगी और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी, जिससे पांच जनवरी से शीतलहर चलने के आसार हैं। सात जनवरी तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। कोहरे के कारण धूप कम निकलेगी।