'हमने पूरा इको-सिस्टम बनाया', महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर एकनाथ शिंदे का दावा- प्रचंड बहुमत से बनेगी महायुति सरकार
Maharashtra Assembly Elections 2024 एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद राज्य की सत्ता में वापसी का दावा करते हुए कहा कि महायुति गठबंधन प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र के लोग बहुत बुद्धिमान हैं और जानते हैं कि महा विकास अघाड़ी ने ढाई साल में और उनकी सरकार ने दो साल में क्या-क्या किया है।
एएनआई, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार निर्णायक बहुमत के साथ जीतकर सत्ता में वापिस आएगी। गौरतलब है कि 288 विधानसभा सीटों वाले महाराष्ट्र में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं।
एकनाथ शिंदे ने समाचार एजेंसी एएनआई के दिए इंटरव्यू में कहा, 'हम महाराष्ट्र (विधानसभा चुनाव) जीतने जा रहे हैं। मैं यह विश्वास के साथ कह रहा हूं। महायुति सरकार प्रचंड बहुमत से जीतेगी।' साथ ही शिंदे ने शुरुआती ढाई साल में सत्ता में रही उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) का प्रदर्शन बेहद खराब रहा।
महाराष्ट्र के लोग बुद्धिमान हैं: शिंदे
एकनाथ शिंदे ने इंटरव्यू में कहा, 'यहां महाराष्ट्र में लोग बुद्धिमान हैं। उन्होंने ढाई साल में क्या किया और हमने दो साल में क्या किया? विकास और कल्याण योजनाएं। यह क्या है? उन्हें कौन लाया? आज देखें कितने गांव और लाडली बहना के शहर हैं। हमारी सारी बहनें इतनी उत्साहित हैं। सरकार को कितनी योजनाएं चाहिए?'
शिंदे ने विभिन्न विकास और कल्याणकारी योजनाओं का हवाला देते हुए पिछले दो वर्षों में अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। मुख्यमंत्री ने कहा, 'लोगों को ऐसी सरकार चाहिए, जो उन्हें उनके जीवन में कुछ दे। उनके जीवन में बदलाव लाने के लिए। हमने एक पूरा इको-सिस्टम बनाया है। लड़कियों के पास लखपति योजना है। हमने किसानों के लिए किया है। हमने ये योजनाएं चुनाव के लिए नहीं की हैं।'
नवंबर में खत्म होगा विधानसभा का कार्यकाल
शिंदे ने दावा किया कि उनकी सरकार ने कांग्रेस के विपरीत, चुनावों को ध्यान में रखकर इन योजनाओं की घोषणा नहीं की। उन्होंने कहा, 'आपको तैयारी करनी होगी। यह एक दिन या एक महीने में नहीं हुआ। हमने लेक लड़की योजना आठ महीने पहले बनाई थी। हम आठ से नौ महीने से इसकी तैयारी कर रहे थे।' बताते चलें कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल नवंबर में खत्म होने वाला है।