Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गरीब कल्याण, विकास के काम और राम पर केंद्रित होगा BJP का चुनावी अभियान, जेपी नड्डा ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां

BJP national convention भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसके स्पष्ट संकेत दिए। मोदी-मोदी जय श्रीराम मोदी है तो मुमकिन है अबकी बार 400 पार के नारों के बीच जेपी नड्डा ने जनसंघ के दौर से भाजपा की संघर्ष यात्रा को याद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मिली सफलता को भी गिनाया।

By Jagran News Edited By: Devshanker Chovdhary Updated: Sat, 17 Feb 2024 08:38 PM (IST)
Hero Image
शनिवार से भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू। (फोटो- एएनआई)

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का चुनावी अभियान मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं, विकास के लिए किये गए काम, अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा और नारी सशक्तिकरण पर केंद्रित होगा।

भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू

भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसके स्पष्ट संकेत दिए। मोदी-मोदी, जय श्रीराम, मोदी है तो मुमकिन है, अबकी बार 400 पार के नारों के बीच जेपी नड्डा ने जनसंघ के दौर से भाजपा की संघर्ष यात्रा को याद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मिली सफलता को भी गिनाया।

उन्होंने सरकारी कामकाज की व्यस्तता के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पार्टी के प्रति समर्पण की सराहना की। पूरे देश से आए 11 हजार से अधिक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने मोदी सरकार की 10 साल की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया।

जेपी नड्डा ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां

उज्जवला, हर घर शौचालय, नल से जल, गरीबों को पक्का मकान, 55 करोड़ गरीबों को आयुष्मान के तहत मुफ्त इलाज और 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार गरीबों के कल्याण के ठोस कदम उठाए गए और इस कारण पिछले 10 सालों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कल्याण योजनाओं का गरीबों के जीवन पर असर देखा जा सकता है। बात सिर्फ गरीबों के कल्याण तक सीमित नहीं है। मोदी सरकार के नेतृत्व में देश में चौतरफा विकास हुआ और दुनिया की शीर्ष संस्थाओं की रिपोर्ट इसे स्वीकार भी कर रही है। उन्होंने विकसित देशों के विकास दर से भारत के विकास दर की तुलना करते हुए विपक्ष पर तीखा कटाक्ष भी किया।

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को भारत का विकास दिख रहा है, लेकिन विपक्ष इसे देखने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि हम आंखें तो दे सकते हैं, लेकिन दृष्टि नहीं दे सकते। जेपी नड्डा ने मोदी सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण के लिए लोकसभा और विधानसभाओं में 33 फीसद सीटों का आरक्षण देने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाने को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे आधी आबादी को देश के निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी का मौका मिलेगा।

विपक्ष पर किया कटाक्ष

उन्होंने विपक्ष पर निहित स्वार्थ के कारण इस अधिनियम को सालों दबाए रखने का आरोप लगाया। नड्डा ने जैसे ही अयोध्या में पांच सालों की प्रतीक्षा के बाद राम मंदिर बनने और उसमें प्राण प्रतिष्ठा किये जाने का जिक्र किया, पूरा हाल करतल ध्वनि से गूंज उठा।

उन्होंने कहा कि भव्य, दिव्य और नव्य राम मंदिर का निर्माण प्रधानमंत्री मोदी के कारण संभव हो सका है। अपने संबोधन में नड्डा ने राष्ट्रीय सुरक्षा के भाजपा के कोर मुद्दे को भी छुआ और इस सिलसिले में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने का जिक्र किया।

मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा आज जिस जगह पर खड़ी है, उसके पीछे भी जीत थी और आगे भी जीत है। उन्होंने कहा कि कभी जनसंघ और भाजपा के जमाने में स्थिति ऐसी थी कि हम जमानत बचाने के लिए चुनाव लड़ते थे। लेकिन मोदी के नेतृत्व में स्थिति उलट हो गई है।

उन्होंने कहा कि 2009 में भाजपा 18.8 फीसद वोट मिला था। लेकिन मोदी के आते ही 2014 में यह बढ़कर 31.3 फीसद और 2019 में 37 फीसद तक पहुंच गया। उनके अनुसार 2019 के बाद हुए 26 चुनावों में भाजपा 16 जीतने में सफल रही है और साथ ही उपचुनावों में भी जीत का शतक लगा चुकी है। उन्होंने कहा कि 2024 में और भी बड़ी जीत हासिल करेंगे और राजग की सीटें 400 के पार जरूर पहुंचाएंगे।