Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Weather Update: दिल्‍ली-NCR में गर्मी से राहत, IMD का ताजा अपडेट; MP, महाराष्ट्र-गुजरात में होगी भारी बारिश

भारतीय मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में अगले तीन दिनों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग (IMD) की ओर से गुरुवार शाम जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार मध्यप्रदेश महाराष्ट्र और गुजरात में अगले तीन दिनों के भीतर भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्‍थान में शुक्रवार को बारिश हो सकती है।

By Jagran NewsEdited By: Amit SinghUpdated: Thu, 07 Sep 2023 10:35 PM (IST)
Hero Image
मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि मानसून (Monsoon) की सक्रियता जारी है।

नई दिल्‍ली, ऑनलाइन डेस्‍क: Weather Update सितंबर के महीने में जून जैसी गर्मी झेल रहे देश के कुछ इलाकों को गुरुवार शाम कुछ राहत मिली जब मौसम ने करवट ली। दिल्‍ली-एनसीआर के आसमान में काले बादल छा गए और मौसम सुहाना हो गया। गुरुग्राम में बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे तो नोएडा में भी बादलों ने मौसम सुहाना बना दिया।

उधर भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department) ने देश के कई इलाकों में अगले तीन दिनों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग (IMD) की ओर से गुरुवार शाम जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में अगले तीन दिनों के भीतर भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्‍थान में शुक्रवार को बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें: Weather Update: अगले 3-4 दिनों में कई राज्यों में होगी भारी बारिश, दिल्‍ली में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड

जारी रहेगी मानसून की सक्रियता

मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि मानसून (Monsoon) की सक्रियता जारी है। ओडिशा, झारखंड और बिहार में शुक्रवार को हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। अंडमान और निकोबार में 10 और 11 सितंबर को मौसम की यह स्थिति देखी जा सकती है। तेज वर्षा के आसार मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में हैं। यहां शनिवार तक ऐसी स्थिति बनी रह सकती है।

पश्चिम भारत में हल्के से मध्यम स्तर की वर्षा होने के आसार हैं। साथ ही बादलों की गरज और बिजली की चमक देखने को मिल सकती है। गुजरात में यह स्थिति शनिवार तक बनी रहती है। यहां भारी वर्षा का अनुमान है। इसके अलावा असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में वर्षा का यह क्रम 11 सितंबर तक चल सकता है। दक्षिण भारत में भी हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा की संभावना जताई गई है।

कई इलाकों में भारी बारिश

देशभर के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई है। केरल के वडकारा में 20 सेमी तो वहीं ओडिशा के सिमिलिगुडा में 15 सेमी वर्षा हुई।

- केरल में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, वडकारा में 17 सेमी और उरुमी में 16 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

- ओडिशा में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई है। सेमिलिगुडा में 16 सेमी और नबरंगपुर में 11 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

- गुजरात में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई है। खानवेल में 16 सेमी और वंसदा में 11 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

- तटीय आंध्रप्रदेश में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई है। बालाजीपेटा में 13 सेमी और वपलासा में 11 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

- छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई है। कोंडागांव में 12 सेमी और बकावंड में 10 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

मुंबई में बारिश का दौर फिर शुरू, गर्मी से मिली राहत

मुंबई में लगभग एक महीने के लंबे अंतराल के बाद गुरुवार से बारिश का दौर फिर शुरू हो गया जिससे बढ़ती गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान शहर और उपनगरों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। शहर में सुबह से ही मध्यम से भारी बारिश होती रही। बारिश के कारण मुंबई की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। आईएमडी मुंबई ने अगले 24 घंटों के लिए ‘शहर और उपनगरों में हल्की से मध्यम बारिश’ का अनुमान जताया है।

ओडिशा में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

ओडिशा में राजधानी भुवनेश्वर समेत कुछ हिस्सों में गुरुवार को भारी बारिश हुई, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया। आईएमडी ने कहा कि भारी बारिश दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता और चक्रवाती परिसंचरण के कारण हुई है तथा दिन में ऐसी ही बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा कि दिन के दौरान भारी बारिश के कारण भुवनेश्वर और कटक में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ क्योंकि दोपहर में लगभग तीन घंटे तक बारिश जारी रही जिससे कार्यालय जाने वाले लोगों और छात्रों को काफी परेशानी हुई और ज्यादातर निचले इलाकों में पानी भर गया। स्थानीय मौसम कार्यालय ने बताया कि मानसून के इस मौसम में सात सितंबर तक सामान्य 984.9 मिमी के मुकाबले 867.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

(साथ में इनपुट एजेंसी से...)

यह भी पढ़ें: G20 Summit से पहले दिल्ली-एनसीआर का मौसम हुआ सुहावना, गुरुग्राम में झमाझम बारिश