Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Paris Olympics 2024: अन्‍नू रानी को पेरिस में गोल्‍डन थ्रो लगाने की उम्‍मीद, एशियन गेम्‍स में रच चुकी हैं इतिहास

भारत की अन्‍नू रानी जेवलिन इवेंट में भाग लेने के लिए पेरिस पहुंच चुकी हैं। अन्‍नू के हौसले बुलंद हैं क्‍योंकि वो हांगझोऊ में गोल्‍ड मेडल जीतकर इतिहास रच चुकी हैं। अन्‍नू ने उम्‍मीद जताई है कि वह पेरिस में टोक्‍यो ओलंपिक से बेहतर प्रदर्शन करके दिखाएंगी। बता दें कि अन्‍नू रानी पेरिस ओलंपिक में विश्‍व रैंकिंग के आधार पर प्रतिभाग करने जा रही हैं। उनकी विश्‍व रैंकिंग 21 है।

By Jagran News Edited By: Abhishek Nigam Updated: Tue, 30 Jul 2024 10:05 AM (IST)
Hero Image
अन्‍नू रानी को पेरिस ओलंपिक में गोल्‍ड मेडल जीतने की उम्‍मीद

अमित तिवारी, जागरण मेरठ। एशियाई खेलों में महिलाओं के भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट अन्नू रानी पदक बटोरने के लिए पेरिस पहुंच चुकी है। अन्नू ने हांगझोऊ एशियाई खेलों में इतिहास रचते हुए भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण जीता है। अपने चौथे प्रयास में सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 62.92 मीटर भाला फेंका।

श्रीलंका की नदीशा दिलहान ने रजत पदक जीता। इसी के साथ अन्नू एशियाड में जेवलिन थ्रो में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट बनी थीं। अन्नू रानी टोक्यो की ही तरह पेरिस ओलिंपिक में भी विश्व रैंकिंग के आधार पर प्रतिभाग करने जा रही हैं। उनकी विश्व रैंकिंग 21 है। अन्नू को पेरिस में पदक तालिका में स्थान बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।

जब अन्‍नू ने बनाया नेशनल रिकॉर्ड

वह पिछले कुछ महीनों से जर्मनी में प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रही हैं। अन्नू का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 63.82 मीटर है जो 2022 में नेशनल रिकॉर्ड बना। उस वर्ष अन्नू ने सात बार 60 मीटर की दूरी पार की थी। वर्ष 2023 और 2024 में केवल एक-एक बार ही 60 मीटर की दूरी पार कर सकीं। पेरिस ओलिंपिक के लिए 64 मीटर की क्वालीफाईंग दूरी थी।

कड़ी प्रतिस्पर्धा में निकलता है सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

टोक्यो ओलिंपिक में 54.04 मीटर भाला फेंक अन्नू 30 क्वालीफाइंग प्रतिभागियों में 29वें स्थान पर रही थीं। इस सीजन में 12 मई से 20 जुलाई तक अन्नू ने छह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इनमें दो स्वर्ण व तीन रजत पदक मिले। छठे स्थान पर रहते हुए उन्होंने जर्मनी के आफेनबर्ग में 60.68 मीटर की दूरी नापी।

यह भी पढ़ें: जेवलिन थ्रोअर अन्नू रानी का बड़ा खुलासा, कहा- एशियाड से पहले खेल छोड़ने का बना चुकी थी मन

अन्नू के अनुसार कड़ी प्रतिस्पर्धा में ही उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलता है। उन्हें उम्मीद है कि वह टोक्यो के प्रदर्शन को सुधारते हुए पेरिस में नई ऊंचाई हासिल करेंगी और एक बार फिर अपने रिकॉर्ड से आगे निकलेंगी।

उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त में ओलिंपिक पदक की कमी

मेरठ में सरधना क्षेत्र के बहादरपुर की गांव की रहने वाली अन्नू का शुरुआती प्रशिक्षण गुरुकुल प्रभात आश्रम टीकरी में हुआ। वह खेल जीवन के आरंभिक दिनों में डिस्कस और शाटपुट में भी प्रतिभाग करती थीं, लेकिन बाद में भाला ही उनकी पहचान बना।

बड़े भाई उपेंद्र के मार्गदर्शन और पिता अमरपाल सिंह व माता मुन्नी देवी के आशीर्वाद से अन्नू भाला फेंक के महिला वर्ग में 60 मीटर की दूरी पार करने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट बनीं। 2014 कामनवेल्थ गेम्स से ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रही अन्नू का लक्ष्य अब एक ओलिंपिक पदक अपनी उपलब्धियों में शामिल करना है।

अन्नू के नाम दर्ज उपलब्धियां

  • 01 बार ओलिंपिक में कर चुकी हैं प्रतिभाग
  • 02 बार विश्व चैंपियनशिप में टाप-8 में बनाया स्थान
  • 05 बार एशियन चैंपियन में रजत व कांस्य पदक
  • 03 बार एशियन गेम्स में एक स्वर्ण व एक कांस्य पदक
  • 02 बार कामनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक
  • 08 बार नेशनल चैंपियन 2012 से 2024 तक

अन्नू का टाप-10 प्रदर्शन

  • 63.82 मीटर : इंडियन ओपन भाला फेक प्रतियोगिता, जमशेदपुर, मई 2022
  • 63.34 मीटर : फेडरेशन कप पटियाला, मार्च 2021
  • 62.92 मीटर : 19वां एशियन गेम्स, एचओसी स्टेडियम हांगझो, अक्टूबर 2023
  • 62.83 मीटर : नेशनल इंटर स्टेट एथलेटिक चैंपियनशिप पटियाला, जून 2021
  • 62.52 मीटर : एमवीए एचपी-2 सीवीईएटीसी चुला विस्टा, सीए, जुलाई 2022
  • 62.43 मीटर : आइएएएफ वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप, दोहा, सितंबर 2019
  • 62.34 मीटर : फेडरेशन कप पटियाला, मार्च 2019
  • 62.29 मीटर : 32वां कासानोवा मेमोरियल सेंट्रल स्टेडियम अलमाटी, जून 2022
  • 61.98 मीटर : इंडियन ग्रांड प्रिक्स-3 पटियाला, मार्च 2021
  • 61.86 मीटर : पटियाला फेडरेशन कप, जून 2017

टोक्यो ओलिंपिक में महिला भाला फेंक स्पर्धा का परिणाम

  • स्वर्ण : शीयिंग लिउ, चीन : 66.34 मीटर
  • रजत : मारिया एंड्रेजिक, पोलैंड : 64.61 मीटर
  • कांस्य : केल्सी-ली राबर्ट्स, आस्ट्रेलिया : 64.56 मीटर

पेरिस में अन्नू रानी

सात अगस्त : भाला फेंक पहला राउंड : दोपहर 1.55 बजे

10 अगस्त : भाला फेंक फाइनल : रात 11.10 बजे

यह भी पढ़ें: Neeraj Chopra की जिंदगी फिल्‍मी कहानी से कम नहीं,खंडरा का मोटा सा लड़का कैसे बना वर्ल्‍ड नंबर-1 जेवलिन स्‍टार?