Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Story of Moles: जाने क्या है खास आपके चेहरे और हाथ के तिल में

Moles and astrology अगर शास्त्रों की मानें तो किसी भी व्यक्ति के शरीर में मौजूद तिलों के जरिए उसके स्वभाव और चरित्र के बारे में काफी कुछ जाना जा सकता है। आइए जानते हैं कि कैसे खोलते हैं यह तिल मनुष्य के स्वभाव का ताला।

By Jagran NewsEdited By: Harshita SaxenaUpdated: Sun, 01 Jan 2023 09:13 PM (IST)
Hero Image
आपके स्वभाव को दर्शाता है शरीर में विभिन्न भागों के तिल

नई दिल्ली, Moles and astrology: दरअसल, शास्त्रों में मानव शरीर की बनावट और उस पर मौजूद चिन्हों के जरिए उसके चरित्र और स्वभाव के बारे में बहुत कुछ बताने का दावा किया जाता है। ऐसे शास्त्र को सामुद्रिक शास्त्र कहते हैं, जिसमें इन चीजों से जुड़ी काफी उपयोगी जानकारी दी गई है। कानपुर के पंडित मुन्ना बाजपेई रामजी की माने तो चेहरे के तिल से मनुष्य के स्वभाव के बारे में जाना जा सकता है। इतना ही नहीं यह तिल आपके जीवन में सुख, संपन्नता, कष्ट और मुश्किलों के साथ-साथ प्रेम संबंधी जानकारी भी दे सकते हैं। उनका कहना है कि यह तिल काफी रहस्यमई होते हैं। अक्सर जो बातें हमें हस्त रेखाओं से पता नहीं चलती वह भी इन तिलों से उजागर हो सकती हैं। तो आइए जानें कुछ ऐसे ही तिलों के बारे में, जो किसी विशेष स्थान पर होते हैं तो व्यक्ति के स्वभाव और जीवन पर क्या असर पड़ता है।

भौंओं के बीच में अगर तिल हो

पंडित जी बताते हैं कि यदि किसी व्यक्ति की दोनों भौओं के मध्य में तिल हो तो ऐसा व्यक्ति काफी दयालु होता है। वहीं, सिर के दाएं तरफ भौं के पास तिल होने पर उसके बुद्धिमान और आत्मीय होने की जानकारी मिलती है। ऐसे तिल वाले लोग समाज में सम्मानित होते हैं और घर परिवार में भी उन्हें काफी महत्व दिया जाता है। जिन लोगों के माथे के बीच में तिल होता है, वह मेहनती और आर्थिक रूप से संपन्न होते हैं।

हाथ पर तिल का मतलब

इसी तरह जिन लोगों के हाथों पर तिल होता है, उसके भी अपने भिन्न-भिन्न अर्थ होते हैं। जैसे यदि किसी की दाएं हाथ पर तिल है, तो वह व्यक्ति बिना किसी परेशानी के अपने सब कार्य पूरे कर लेता है। वहीं बाएं हाथ पर तिल वाले व्यक्ति को स्वभाव से चंचल और बिना सोचे समझे खर्च करने वाला पाया जाता है।

तीव्र बुद्धि होती है गले पर तिल वालों की

अपने दम पर समाज में स्थान बनाने और तेज बुद्धि रखने वाले लोगों के अक्सर गले पर गले पर तिल होता है। वहीं अगर यह तिल किसी व्यक्ति की ठोड़ी पर हो तो, ऐसे लोग मतलबी और सफलता के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार होते हैं। यह लोग सामान्य रूप से मित्रवत और घुलने-मिलने वाले नहीं होते। दाएं गाल पर तिल वाले लोग तेज दिमाग और सोच समझकर काम करने वाले देखे जाते हैं। दूसरी ओर बाएं गाल पर तिल वाले अक्सर परेशानियों और गरीबी से जूझते दिखाई पड़ते हैं। उनका जीवन के प्रति नजरिया भी काफी उदासीन होता है। बातचीत में वह अक्सर कंफ्यूज रहते हैं।

अगर हो नाक पर तिल

जिन लोगों की नाक पर आगे की तरफ तिल होता है, वह लोग संपन्न और सुखी होते हैं। साथ ही अपने हंसमुख स्वभाव के कारण सभी लोगों के भी काफी प्रिय होते हैं। हालांकि ऐसे लोगों के जीवन में काफी परेशानियां आती हैं। इस पर भी अगर कहीं यह तिल नाक के बाएं तरफ हो तो, सफलता हासिल करने में इन्हें दूसरों से ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसके बावजूद अपने संघर्षशील जीवन के साथ आगे बढ़ते हुए यह अपनी खुश मिजाज स्वभाव बनाए रखते हैं और अंततः सफलता हासिल करते हैं।

भावुकता का प्रतीक है आंखों का तिल

अगर आपको यह पता करना है कि कोई व्यक्ति कितना भावुक है तो उसके चेहरे को गौर से देखें। यदि उसकी आंखों के कोने में तिल है, तो निश्चित रूप से ऐसा इंसान काफी इमोशनल होता है। इसी के चलते वह अक्सर जीवन में धोखे का शिकार भी बनता है। वहीं जिन लोगों की दाहिनी आंख के नीचे तिल उन्हें दूसरों की मदद करने की आदत होती है और वह एक सफल जिंदगी बिताते हैं। दाहिनी आंख का यह तिल अगर नीचे नाक के काफी पास हो तो ऐसे लोगों को समझना थोड़ा मुश्किल होता है। क्योंकि वह अपने आप को जल्दी किसी के सामने जाहिर नहीं करते। इसलिए लोग उनसे कम मित्रता रखते हैं। दूसरी ओर बाईं आंख के कोने में तिलवाले प्यार में किसी भी हद से गुजरने को तैयार रहते हैं।

खूबसूरती ही नहीं स्वभाव भी बताता है होंठों पर तिल

यूं तो होठों पर तिल खूबसूरती की निशानी माना जाता है, पर अगर शास्त्रों की मानें, तो जिन लोगों के होठों पर बाएं तरफ तिल होता है, वह अपने बच्चों से बेहद प्यार करते हैं। ऐसे लोग काफी ट्रस्टवर्थी और दयालु होते हैं। उनके घर में समृद्धि की कोई कमी नहीं होती। जबकि होंठ के नीचे तिल की मौजूदगी व्यक्ति में इनसिक्योरिटी के बारे में बताती है। जिन लोगों के होंठ या उसके आसपास तिल होता है, वह स्वभाव से प्यार करने वाले होते हैं। और इसलिए वह अजनबियों को भी अपना बना लेते हैं।

डिसक्लेमर- इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त, इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।

Picture Courtesy: Freepik