Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Agra News: सिपाही पर गोली चलाने वाले खनन माफिया के गुर्गों से पुलिस की मुठभेड़, एक को गोली लगी

Agra Police Encounter With Miscreant Update News खेरागढ़ में समाध मार्ग पर शनिवार सुबह खनन माफिया के गुर्गों ने पुलिस पर हमला बोल दिया था। सिपाही अजय कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया था। पुलिस घायल सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल लेकर आ रही थी। खनन माफिया के गुर्गों ने दुस्साहस दिखाते हुए ट्रैक्टर से पुलिस की जीप में टक्कर मारी।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Tue, 10 Sep 2024 03:21 PM (IST)
Hero Image
Agra News: मुठभेड़ स्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी।

जागरण संवाददाता, आगरा। खेरागढ़ में सिपाही को गोली मारने की घटना में शामिल खनन माफिया के गुर्गों से मंगलवार सुबह पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने दो लोगों राजू और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक साथी मौके से भाग निकला।

फायरिंग करके भागने का प्रयास करते खनन माफिया का एक गुर्गा राजू पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया। दबोचा गया आरोपित प्रदीप 10 हजार का इनामी है।

मुख्य आरोपित हाथ नहीं चढ़ा है

सिपाही अजय को गोली मारकर घायल करने वाला मुख्य आरोपित सत्ता अभी पुलिस के हाथ नहीं आया है। पुलिस सोमवार को खनन माफिया के सात गुर्गों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। खेरागढ़ में शनिवार को बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकने पर खनन माफिया के गुर्गों ने सिपाही अजय कुमार पर पर गोली चला दी थी। गोली सिपाही की कनपटी के पास लगी थी। सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया। ऑपरेशन के बाद सिपाही अजय की हालत अब खतरे से बाहर है।

पुलिस मुख्य हमलावर की तलाश में जुटी

एसीपी खेरागढ़ इमरान खान ने बताया कि पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि घटना में शामिल प्रदीप उर्फ गंगे और राजू समेत तीन लोग खेरागढ़ क्षेत्र में बाइक से कहीं जा रहे हैं। घेराबंदी करने पर आरोपितों ने तमंचे से गोली चलाईं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राजू दाएं पैर में गोली लगने के बाद घायल हो गया है। उसे अस्पताल भेजा है।

ये भी पढ़ेंः Radha Ashtami 2024: बरसाना में राधाष्टमी पर भीड़ नियंत्रण के लिए इंतजाम कड़े, 5 KM पैदल चलकर पहुंचेंगे श्रद्धालु

ये भी पढ़ेंः एजुकेटर की भर्ती के विरोध में उतरीं सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मेरठ में कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन

सत्य प्रकाश ने चलाई थी सिपाही पर गोली

आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि सिपाही पर गोली नगला पहाड़ी के सत्य प्रकाश ने चलाई थी। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने अवैध बालू खनन से जुड़े दो दर्जन से अधिक लोगों को चिन्हित किया है। यह सभी आगरा और धौलपुर के हैं। जिनकी गिरफ्तारी को अलग-अलग टीम बनाई गई हैं।