Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Balrampur: चाकू से गला रेतकर महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार; चार दिन से लापता फातिमा को तलाश रही थी पुलिस

लखाही गांव के प्रधान अतीकुर्रहमान ने बताया कि फातिमा बानो 17 वर्ष पहले अपने पति खलील से अलग हो गई थी। मनरेगा में काम करने लगी। इसके बाद मोहम्मद अहमद के साथ रहने लगी। उसकी चार बेटियां व दो बेटे हैं। बीते 22 दिसंबर को दोपहर करीब तीन बजे वह रोवारी गोशाला से निकली थी। इसके बाद वह लौट कर नहीं आई।

By Shlok Mishra Edited By: Vinay Saxena Updated: Tue, 26 Dec 2023 04:30 PM (IST)
Hero Image
55 वर्षीय फातिमा बानो का शव गन्ने के खेत में पाया गया।- फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, बलरामपुर। गौरा चौराहा के लखाही गांव में चार दिन से लापता 55 वर्षीय फातिमा बानो का शव रविवार को गन्ने के खेत में पाया गया। मृतका के दामाद सगीर अहमद ने 23 दिसंबर को फातिमा की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने संदेह पर गांव के मोहम्मद अहमद को पकड़ कर पूछताछ की। उसने चाकू से गला रेत कर मार डालने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने मृतका के बेटे नवीन अहमद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

लखाही गांव के प्रधान अतीकुर्रहमान ने बताया कि फातिमा बानो 17 वर्ष पहले अपने पति खलील से अलग हो गई थी। मनरेगा में काम करने लगी। इसके बाद मोहम्मद अहमद के साथ रहने लगी। उसकी चार बेटियां व दो बेटे हैं। बीते 22 दिसंबर को दोपहर करीब तीन बजे वह रोवारी गोशाला से निकली थी। इसके बाद वह लौट कर नहीं आई। परिवारजन ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इस पर दामाद सगीर अहमद ने 23 दिसंबर की सुबह थाना पर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस फातिमा की तलाश कर रही थी।

सोमवार को गांव निवासी ऋषिकेश पांडेय के गन्ने के खेत में फातिमा का शव ग्रामीणों ने पड़ा देखा। शव के गले से खून बह रहा था। ग्रामीणों ने प्रधान को जानकारी दी। गन्ने के खेत के पास बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने फातिमा के स्वजन व ग्रामीणों से पूछताछ कर संदेह के आधार पर मोहम्मद अहमद को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले फातिमा के गुमशुदा होने पर 24 दिसंबर को मोहम्मद अहमद को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की थी, लेकिन उसने स्वीकार नहीं किया था। गहन छानबीन व शव मिलने के बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर मोहम्मद अहमद ने गला रेतकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

यह भी पढ़ें: पलक झपकते ही कर लेते थे वाहनों की चोरी, पुलिस ने पकड़ा तो चोरी के ट्रक तक हुए बरामद

सीओ सिटी दरवेज कुमार ने बताया कि मृतका के बेटे की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी कर ली गई है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।