Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Balrampur: बलरामपुर दौरे पर योगी आदित्यनाथ, देवी के चरण पखार मुख्यमंत्री ने किया रुद्राभिषेक

51 शक्तिपीठों में शुमार देवीपाटन मंदिर परिसर का वातावरण गुरुवार सुबह और सुरम्य नजर आया। दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गर्भगृह में आदिशक्ति मां पाटेश्वरी की विधि-विधान से पूजा अर्चना की। देवी के चरण पखारने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित चंद्रशेखर महादेव मंदिर में महंत मिथलेश नाथ योगी के साथ रुद्राभिषेक कर लोक मंगल की कामना की।

By Jagran NewsEdited By: Siddharth ChaurasiyaUpdated: Thu, 31 Aug 2023 06:12 PM (IST)
Hero Image
दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गर्भगृह में आदिशक्ति मां पाटेश्वरी की विधि-विधान से पूजा अर्चना की।

जागरण संवाददाता, बलरामपुर। 51 शक्तिपीठों में शुमार देवीपाटन मंदिर परिसर का वातावरण गुरुवार सुबह और सुरम्य नजर आया। दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गर्भगृह में आदिशक्ति मां पाटेश्वरी की विधि-विधान से पूजा अर्चना की। देवी के चरण पखारने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित चंद्रशेखर महादेव मंदिर में महंत मिथलेश नाथ योगी के साथ रुद्राभिषेक कर लोक मंगल की कामना की।

सीएम ने परंपरागत रूप से गोशाला में जाकर गायों को चना, गुड़ व चारा भी खिलाया। बछड़ों को दुलार किया। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्धजन के साथ संवाद किया। कहा कि सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों के विकास का काम कर रही है। जनप्रतिनिधि व समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोग आम जनमानस के हित का कार्य करें। कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी केंद्र व प्रदेश सरकार ने बेहतर काम करने का प्रयास किया है।

सीएम ने जनप्रतिनिधियों से जिले के विकास कार्यों की जानकारी लेकर उसके प्रगति की समीक्षा की। साथ ही कई बिन्दुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। सीएम ने खिलाड़ियों के साथ भी संवाद किया। साथ ही खेलों के प्रति खिलाड़ियों को जागरूक करते हुए कहा कि उनके प्रोत्साहन में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। थारू जनजाति के छात्रों के साथ संवाद कर उन्हें भविष्य निर्माण के संबंध में टिप्स दिए।

सीएम योगी की मौजूदगी के दौरान शक्तिपीठ के आसपास की सुरक्षा को अभेद रही। बुधवार से ही शक्तिपीठ देवीपाटन छावनी में तब्दील नजर आया। जिले के आलाधिकारी मौके पर डटे रहे। सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, नगर पालिका बलरामपुर अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, डॉ. माधव राज द्विवेदी, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. एमपी तिवारी, खेल विभाग की तरफ से ताइक्वांडो खिलाड़ी दिव्या गिरि समेत अन्य प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।