Ghaziabad News: इंदिरापुरम में तेंदुए की आशंका, पंजे के निशान मिलने से सहमे लोग; गाय का बछड़ा भी मिला घायल
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में तेंदुए के पैर जैसे निशान मिलने से हड़कंप मच गया है। शक्ति खंड चार में एक गाय के बछड़े पर हमले के निशान मिले हैं। वन विभाग और पुलिस का कहना है कि ये निशान जंगली बिल्ली के हैं लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि यह तेंदुआ ही है। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग घरों में दुबके हुए हैं।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। इंदिरापुरम के शक्ति खंड चार में तेंदुए के पैर जैसे निशान मिले हैं। जिस स्थान पर ये निशान हैं, वहां गाय का बछड़ा घायल अवस्था मिला है। लोगों ने तेंदुओं की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच की। वन विभाग और पुलिस का कहना है कि पैर के निशान जंगली बिल्ली के हैं।
शक्ति खंड चार में भूखंड संख्या 620 के सामने सतपाल पशु पालन करते हैं। वह घर के बाहर पशु बांधते हैं। सतपाल ने बताया कि दो दिन पहले गाय ने बछड़े को जन्म दिया था। रविवार रात में वह सो रहे थे। तभी बछड़ा चिल्लाने लगा। इससे उनकी नींद खुल गई।
बछड़े को घसीटा गया
भागकर जब वह घर के बाहर बछड़े के पास पहुंचे तो उसकी पीठ पर गहरा जख्म था। उसे घसीटने के भी निशान मिले। इस दौरान उन्होंने एक जानवर की परछाई को देखा था। अंधेरा होने के कारण कुछ स्पष्ट नहीं दिखाई दिया। पास में ही तेंदुए के पांव जैसे निशान मिले हैं। यह निशान बिल्ली के पांव से काफी बड़े हैं। निशान देखकर वह बहुत डर गए थे।
पुलिस ने बताया अफवाह
उन्हें विश्वास हो गया था कि बछड़े पर तेंदुए ने हमला किया है। वह बछड़े का उपचार कराने साथ ही घर पर पहरा दे रहे हैं। परिवार के लोग काफी सहमे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि तेंदुए आने की महज अफवाह है। जंगली बिल्ली के पैर के निशान मिले हैं।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए पांव के निशान
जमीन पर तेंदुए जैसे पैर छपे होने का फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। लोगों ने वाट्सएप ग्रुपों में फोटो शेयर कर सतर्क रहने की सलाह दी। कुछ लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर दावा किया इतने बड़े पैर बिल्ली के नहीं हो सकते हैं। वहीं कुछ लोगों ने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की सलाह भी दी।
वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर जांच की थी। पंजे के निशान को नापा गया था। यह जंगली बिल्ली के निशान हैं। -रामवीर सिंह चौहान, वन दरोगा, वन विभाग