Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Gorakhpur E-bus: गोरखपुर से सिकरीगंज तक दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, बढ़ेगी यात्रियों की सुविधा

गोरखपुर के लोगों के लिए खुशखबरी! अब इलेक्ट्रिक बसें सिकरीगंज तक चलेंगी। खजनी और उनवल तक चल रही बसों का मार्ग विस्तार किया जाएगा। सर्वे पूरा होने के बाद बस संचालन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इससे महानगर आवागमन करने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी। मार्ग विस्तार और नए रूट को लेकर सर्वे चल रहा है। आने वाले दिनों में चौरी चौरा और एयरपोर्ट तक इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।

By Prem Naranyan Dwivedi Edited By: Vivek Shukla Updated: Wed, 04 Sep 2024 03:41 PM (IST)
Hero Image
दो दिनों में सर्वे कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जागरण

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। इलेक्ट्रिक बसें अब सिकरीगंज तक चलेंगी। लोगों की सुविधा के लिए खजनी और उनवल तक चल रही बसों का सिकरीगंज तक मार्ग विस्तार किया जाएगा। इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति ने सर्वे आरंभ कर दिया है। एक से दो दिनों में सर्वे कार्य पूरा कर लिया जाएगा। सर्वे पूरा होने के बाद बस संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

दरअसल, सिकरीगंज तक इलेक्ट्रिक बस चलाने की मांग बढ़ने लगी है। लोगों का कहना है कि खजनी और उनवल तक पहले से ही बस चल रही हैं। सिकरीगंज तक बसों के चलने से महानगर आवागमन करने वाले लोगों की राह और आसान हो जाएगी।

जानकारों का कहना है कि इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति महानगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी बसों के संचालन का विस्तार करने की योजना तैयार की है। मार्ग विस्तार और नए रूट को लेकर सर्वे चल रहा है। आने वाले दिनों में चौरी चौरा और एयरपोर्ट तक इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।

इसे भी पढ़ें-वाराणसी, अयोध्या और लखनऊ तक चलेंगी रोडवेज की 'इलेक्ट्रिक' बसें

कैंपियरगंज रूट पर भी बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। वर्तमान में महानगर के विभिन्न रूटों से होते हुए भीटीरावत मार्ग पर 11 और कौड़ीराम मार्ग पर 14 इलेक्ट्रिक बस चल रही हैं। महानगर में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जानी हैं। जल्द 25 और बस मिलने की संभावना है।

'वन यूपी वन कार्ड' पर किराये में दस प्रतिशत की छूट

यात्रियों की सुविधा के लिए 'वन यूपी वन कार्ड' की व्यवस्था की गई है। कार्ड पर किराये में दस प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। एक बार कार्ड लेने के बाद यात्रियों को टिकट नहीं लेना पड़ेगा। कार्ड रिचार्ज होता रहेगा, यात्रा चलती रहेगी। यात्री कार्ड के माध्यम से उत्तर प्रदेश के किसी भी शहर में इलेक्ट्रिक बस से सफर कर सकते हैं।

इलेक्ट्रिक बसों के लिए कोनी में बनेंगे चार्जिंग स्टेशन

वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों के लिए कोनी में दो चार्जिंग स्टेशन बनेंगे। एक चार्जिंग स्टेशन के लिए पांच एकड़ भूमि खोजी जा रही थी, लेकिन अभी तक ढाई एकड़ ही मिल पाई है। ऐसे में अब एक की जगह दो चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना तैयार की गई है।

इसे भी पढ़ें-भारतीय युवाओं से ही साइबर अपराध करा रहा चीन

दूसरे चार्जिंग स्टेशन के लिए आसपास ही और ढाई एकड़ भूमि की तलाश की जा रही है। चार्जिंग स्टेशन के लिए शासन ने आठ करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। एक इलेक्ट्रिक बस एक घंटे में चार्ज हो जाती है। एक बार चार्ज होने पर 150 किमी चलती है।

इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति कार्यपालक अधिकारी लव कुमार सिंह ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रिक बसों का मार्ग विस्तार किया जाएगा। सिकरीगंज सहित नए क्षेत्र और रूट का सर्वे चल रहा है। सर्वे के बाद आगे की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।