MLA Abbas Ansari : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के फरार विधायक अब्बास अंसारी की आठ राज्यों में तलाश
SBSP MLA From Mau Sadar Abbas Ansari समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से पहली बार विधायक बने अब्बास अंसारी की तलाश उत्तर प्रदेश सहित आठ राज्यों में हो रही है। अब्बास अंसारी इन दिनों लगातार लोकेशन बदल रहा है।
लखनऊ, जेएनएन। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP ) के विधायक अब्बास अंसारी (Abbas Ansari) के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस (UP Police) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पूर्व विधायक माफिया मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) के परिवार के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के निर्देश पर उसके काले कारोबार को बुलडोज करने के साथ ही अवैध संपत्ति की भी तलाश की जा रही है।
एक ही शस्त्र लाइसेंस पर कई असलहे खरीदने के मामले में एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट से अग्रिम जमानत की याचिका खारिज होने के बाद से फरार चल रहे मऊ सदर से विधायक अब्बास अंसारी की तलाश उत्तर प्रदेश सहित आठ राज्यों में हो रही है। माना जा रहा है कि गैंगस्टर अब्बास अंसारी ने इन राज्यों में अपना नेटवर्क फैला रखा है। बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के साथ ही अब उसके विधायक बेटे तथा पत्नी अफ्शां अंसारी पर भी पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है।
पहली बार विधायक बने अब्बास अंसारी
समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से पहली बार विधायक बने अब्बास अंसारी की तलाश उत्तर प्रदेश सहित आठ राज्यों में हो रही है। मऊ सदर से विधायक अब्बास अंसारी के खिलाफ अवैध कब्जे के भी कई मामले हैं। उसकी तलाश में सात राज्यों में करने के लिए पुलिस की विशेष टीमें रविवार को रवाना हो गई हैं।
लगातार बदल रहा लोकेशन
लम्बे समय से फरार चल रहा अब्बास अंसारी इन दिनों लगातार लोकेशन बदल रहा है। अब एक से दूसरे शहर ही नहीं बल्कि एक प्रदेश से दूसरे के लिए वह लोकेशन जल्दी-जल्दी बदल रहा है। इसके कारण भी तलाश में पुलिस को दिक्कतें हो रही हैं।
राज्यों में अब्बास का बड़ा नेटवर्क
उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें रविवार दिल्ली, राजस्थान, हैदराबाद, पश्चिम बंगाल, पंजाब, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के लिए टीमें रवाना हो गई हैं। इन सभी राज्यों में अब्बास का बड़ा नेटवर्क है।
पहला केस लखनऊ के महानगर थाने में 2019 में दर्ज
अब्बास के खिलाफ पहला केस लखनऊ के महानगर थाने में 2019 में दर्ज हुआ था। महानगर के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने अब्बास अंसारी के खिलाफ असलहे के लाइसेंस के दुरुपयोग का केस दर्ज कराया था। उसने एक ही लाइसेंस पर कई हथियार खरीद डाले है। 2012 में हासिल इस लाइसेंस को बिना एनओसी के ही दिल्ली ट्रांसफर करा लिया था। इसके अलावा अब्बास के खिलाफ लखनऊ में दो, मऊ में चार व गाजीपुर में एक केस दर्ज है।