Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

लोकसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव को लगा एक और बड़ा झटका, पूर्व मंत्री ने थामा बीजेपी का दामन

पूर्व मंत्री संजय गर्ग के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं काफी समय से चल रही थी। अब इन चर्चाओं पर पूरी तरह से विराम लग गया है। पूर्व मंत्री संजय गर्ग बुधवार को लखनऊ में भाजपा में शामिल हो गए। संजय गर्ग के साथ उनके समर्थकों ने भी बीजेपी की सदस्यता ली है। लोकसभा चुनाव से पहले इसे अखिलेश के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

By Brijmohan Moga Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Wed, 06 Mar 2024 08:37 PM (IST)
Hero Image
लोकसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव को लगा एक और बड़ा झटका

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सहारनपुर में भी सपा को बड़ा झटका लगा है। सहारनपुर के कद्दावर नेता विपक्ष की आवाज को बुलंद करने वाले पूर्व मंत्री संजय गर्ग भी समाजवादी पार्टी को अलविदा कहकर अपने समर्थकों के साथ भाजपाई हो गए।

तीन बार के विधायक संजय गर्ग को लखनऊ कार्यालय पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, महामंत्री अमर पाल मौर्य व उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर पाठक, नगर विधायक राजीव गुंबर ने पूर्व मंत्री संजय गर्ग को पटका पहनाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।

लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही जनपद का सियासी माहौल भी तेजी से बदल रहा है। बदलाव की इस बयार में सपा के कद्दावर नेता माने जाने वाले पूर्व मंत्री संजय गर्ग भी आज भगवा खेमे में शामिल हो गए। इनके साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी भाजपा में शामिल हो गए। लोकसभा चुनाव से पहले यह सपा को सहारनपुर में बड़ा झटका है।

संजय गर्ग शहर सीट से तीन बार विधायक चुने गए। वर्ष 1996 में वह सपा के टिकट पर चुनाव जीते और 2002 में काजी रशीद मसूद की एकता पार्टी से चुनाव विजयी हुए थे। बाद में काजी रशीद मसूद के साथ वह सपा में शामिल हो गए थे।

सपा में शामिल होने पर उन्हें लोक निर्माण विभाग और वाणिज्य कर विभाग के राज्यमंत्री बने थे। 2008 में संजय गर्ग सपा को छोड़कर बसपा में शामिल हो गए थे, जहां उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा दिया था। वर्ष 2012 का चुनाव संजय गर्ग ने बसपा से लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लहर के बावजूद वह मौजूदा विधायक राजीव गुंबर को हराकर चुनाव जीते थे। वर्ष 2022 के चुनाव में उन्हें भाजपा के राजीव गुंबर से हार का सामना करना पड़ा।

संजय गर्ग के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष आजम शाह, पवन गुप्ता, डा. सुधीर सिंह, राहुल शर्मा, पवन गोयल, परीक्षित वर्मा, सचिन गर्ग, विनय जिंदल सहित बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया सहसंयोजक गौरव गर्ग, शैलेंद्र भूषण गुप्ता आदि मौजूद रहे।