Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bengal Bandh: सड़कों पर प्रदर्शन, ट्रेन और बस सेवाएं प्रभावित; पढ़ें बंगाल बंद का पूरा अपडेट

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला चिकित्सक से दरिंदगी की घटना के खिलाफ भाजपा द्वारा बुधवार को बुलाए गए 12 घंटे बंगाल बंद का व्यापक असर देखने को मिला। सड़कों पर बस आटो व अन्य वाहन कम नजर आए। कई लोग सड़कों पर उपद्रव की आशंका से अपने घरों में ही रहे। स्कूल और कालेज खुले रहे लेकिन उपस्थिति कम रही।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Thu, 29 Aug 2024 01:48 AM (IST)
Hero Image
12 घंटे बंगाल बंद का व्यापक असर देखने को मिला

 राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला चिकित्सक से दरिंदगी की घटना के खिलाफ भाजपा द्वारा बुधवार को बुलाए गए 12 घंटे बंगाल बंद का व्यापक असर देखने को मिला। राज्य में सुबह से ही कई स्थानों पर रेल, बस और सड़क अवरोधों के कारण सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर असर पड़ा, लोगों को असुविधा हुई। कई हिस्सों में जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ।

बंद के दौरान कोलकाता सहित कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस और तृणमूल समर्थकों से जमकर झड़प भी हुई। मालूम हो कि भाजपा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग पर राज्य सचिवालय मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बंद का आह्नान किया था।

लाकेट चटर्जी, रूपा गांगुली को हिरासत में लिया

सुबह से ही सड़कों, दुकान-बाजार और रेल की पटरियों को अवरुद्ध करने के लिए पूर्व सांसद लाकेट चटर्जी, पूर्व राज्यसभा सदस्य रूपा गांगुली और विधायक अग्निमित्रा पाल समेत कई भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया गया। कई स्थानों पर निजी व सरकारी बसों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई।

सड़कों पर बस, आटो व अन्य वाहन कम नजर आए। कई लोग सड़कों पर उपद्रव की आशंका से अपने घरों में ही रहे। स्कूल और कालेज खुले रहे लेकिन उपस्थिति कम रही। ज्यादातर निजी कार्यालयों में भी कर्मचारियों की उपस्थिति बेहद कम रही। बंद करवाने सुबह से ही सड़क पर थे भाजपा नेताबंद लागू करवाने के लिए भाजपा नेता व कार्यकर्ता सुबह से ही सड़क पर उतर गए थे।

कार्यकर्ताओं में झड़प

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता भी सड़क पर थे। इस दौरान कई जगहों पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। रूपा गांगुली और अग्निमित्रा पाल को कोलकाता के गरियाहाट इलाके से हिरासत में लिया गया।

कोलकाता नगर निगम के पार्षद सजल घोष को कोले बाजार में बंद को लागू करने की कोशिश के दौरान भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच हाथापाई होने के बाद उनके आवास से हिरासत में लिया गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने बागुईहाटी में एक जुलूस का नेतृत्व किया, इस दौरान उन्हें रोकने की कोशिश कर रही पुलिस के साथ उनकी बहस हुई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में कई स्थानों पर प्रदर्शन किया। मालदा में एक सड़क अवरुद्ध करने को लेकर तृणमूल तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया।49 स्थानों पर रेल रोकी पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि बंद समर्थकों ने राज्य में उसके अधिकार क्षेत्र में आने वाले 49 स्थानों पर रेल की पटरियां अवरुद्ध कर रोकने की कोशिश की।

नौ स्टेशनों पर अवरोध कई घंटों तक जारी रहा

ज्यादातर स्थानों पर अवरोध हटा दिया गया लेकिन सियालदह मंडल के नौ स्टेशनों पर अवरोध कई घंटों तक जारी रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में विभिन्न स्टेशनों पर प्रदर्शन किया। भाजपा नेता को लक्ष्य कर चली गोली उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा में बंद के दौरान सुबह एक भाजपा नेता प्रियांगु पांडे को लक्ष्य कर उनकी कार पर सात राउंड गोली चलाई गई। दो कार्यकर्ता घायल हो गए।

पुलिस ने स्थिति को काबू में किया

घटना को लेकर तनाव व्याप्त हो गया और विरोध में भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पुलिस ने स्थिति को काबू में किया। पूर्व भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि तृणमूल समर्थक बदमाशों ने गोलियां चलाई।