Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'तो पूर्वोत्तर भारत का रास्ता बंद कर देंगी ममता बनर्जी', भाजपा सांसद का बड़ा दावा; कांग्रेस बोली- रहस्यों से पर्दा उठ जाएगा

West Bengal ममता बनर्जी के बंगाल के साथ असम पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्य भी जलने के बयान को लेकर भाजपा ने बड़ा आरोप लगाया है। बंगाल भाजपा के सांसद सौमित्र खां ने दावा किया कि अगर ममता बनर्जी फिर से सत्ता में आती हैं तो वह सिलीगुड़ी कॉरिडोर को बंद कर सकती हैं। वहीं कांग्रेस ने भी ममता पर जमकर निशाना साधा।

By Jagran News Edited By: Sachin Pandey Updated: Thu, 29 Aug 2024 11:45 PM (IST)
Hero Image
सौमित्र ने कहा कि ममता अपनी राजनीति के लिए अपराधियों को बढ़ावा दे सकती हैं। (File Image)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल से भाजपा सांसद और पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सौमित्र खां ने गुरुवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा आरोप लगाते हुए दावा किया कि अगर 2026 में वह फिर से सत्ता में आईं तो वह पूर्वोत्तर राज्यों को शेष भारत से जोड़ने वाले सिलीगुड़ी के चिकन नेक कारिडोर को बंद कर सकती हैं।

सौमित्र ने कहा कि वह अपनी राजनीति के लिए आतंकवादियों और अपराधियों को बढ़ावा दे सकती हैं। उन्होंने शीर्ष अदालतों और केंद्र सरकार से इस संबंध में संज्ञान लेने का आग्रह किया। भाजपा सांसद की यह टिप्पणी ममता के उस बयान के बाद सामने आई है, जिसमें बुधवार को उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर आप बंगाल को जलाएंगे तो असम, पूर्वोत्तर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दिल्ली सहित अन्य राज्य भी जलेंगे। पीएम की कुर्सी हिला दूंगी।

चुप कराने का प्रयास कर रहीं ममता: अधीर

बंगाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने महिला डॉक्टर से दरिंदगी की घटना को लेकर गुरुवार को फिर राज्य सरकार पर निशाना साधा। कांड के विरोध में कोलकाता में निकाली गई रैली के दौरान मीडिया से बातचीत में अधीर ने कहा- 'मुख्यमंत्री ममता नहीं चाहतीं कि घटना की ठीक तरीके से जांच हो, क्योंकि इससे कई रहस्यों से पर्दा उठ जाएगा। यही कारण है कि वे अनाप-शनाप बोलकर और लोगों को डरा-धमकाकर भटकाने का प्रयास कर रही हैं।'

ममता ने किया आरोपों का खंडन

मुख्यमंत्री ममता ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने प्रदर्शनकारी सरकारी अस्पतालों के जूनियर चिकित्सकों को कोई धमकी नहीं दी है। मैं उनके आंदोलन का पूरा समर्थन करती हूं। कहा कि मैंने भाजपा के खिलाफ बोला है, क्योंकि केंद्र सरकार के समर्थन से वह (भाजपा) हमारे राज्य में लोकतंत्र को खतरे में डाल रहे हैं। दूसरी तरफ विभिन्न नागरिक संगठनों की ओर से भी गुरुवार को रैलियां निकाली गईं।

वहीं ईस्ट बंगाल, मोहन बगान व मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब के समर्थकों ने भी कॉलेज स्क्वॉयर से लेकर एस्प्लानेड तक रैली निकाली। कलकत्ता हाई कोर्ट की अनुमति के बाद भाजपा की बंगाल इकाई ने महिला चिकित्सक के साथ दरिंदगी की घटना के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता के इस्तीफे की मांग पर गुरुवार को कोलकाता के धर्मतल्ला में आठ दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू किया है।

गृह मंत्री से मिलने पहुंचे राज्यपाल

बंगाल के राज्यपाल डा सीवी आनंद बोस गुरुवार को दिल्ली पहुंचे। राजभवन सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर आरजी कांड सहित राज्य के ताजा हालात पर चर्चा और अपनी रिपोर्ट सौंप सकते हैं।

भाजपा ने ममता की तानाशाह से की तुलना

इधर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बंगाल में डॉक्टर के साथ दुष्कर्म व हत्या मामले में विपक्ष पर निशाना साधा है। कहा कि ममता बंगाल में खेल खेल रही हैं। उन्होंने यहां गुरुवार को कहा कि ममता के साथ राजद प्रमुख लालू यादव एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी खड़े हैं। ममता बंगाल में उस व्यक्ति के साथ खड़ी हैं, जो दुष्कर्मी है। राहुल गांधी, लालू और तेजस्वी भी उन्हीं के साथ खड़े हैं। यही नहीं, टुकड़े-टुकड़े गैंग वाले भी दुष्कर्मी को बचाने में लगे हैं।

गिरिराज सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी हार चुकी हैं और यही कारण है कि वह अलोकतांत्रिक भाषा बोल रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिस तरीके से वह बयान दे रही हैं, कांग्रेस के नेता बोल चुके हैं कि भारत को बांग्लादेश बना देंगे। ये भारत के साथ षड्यंत्र करने वाले लोग हैं। ममता के एक बयान, जिसमें उन्होंने कहा था कि मैं इस्तीफा नहीं दूंगी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस्तीफा दें, से संबंधित प्रश्न पर गिरिराज सिंह ने कहा कि अब आप समझिए जिस तरीके से उत्तर कोरिया के शासक विपक्ष को नहीं देखना चाहते, ममता भी बंगाल में विपक्ष को नहीं देखना चाहती।