नवादा में नगर परिषद क्षेत्र की सफाई का जिम्मा स्वयं सेवी संगठन को दिए जाने पर भड़के पुराने कर्मी
नगर परिषद क्षेत्र की सफाई का जिम्मा स्वयं सेवी संगठन को दिए जाने पर भड़के पुराने कर्मियों ने हंगामा खड़ा कर दिया। इस वजह से संस्था के पदाधिकारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। सभी पुराने कर्मियों ने नप सफाई मजदूरों को खदेड़ दिया। घटनाएं गांधी स्कूल के सामने हुईं।
नवादा। नवादा नगर परिषद क्षेत्र की सफाई का जिम्मा स्वयं सेवी संगठन को दिए जाने पर भड़के पुराने कर्मियों ने शुक्रवार की सुबह हंगामा खड़ा कर दिया। इस वजह से संस्था के पदाधिकारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। सभी पुराने कर्मियों ने नप सफाई मजदूरों को खदेड़ दिया। ये सारी घटनाएं गांधी स्कूल के सामने हुईं और उसके बाद जमकर हंगामा हुआ। बताया गया कि पुराने सफाई कर्मी नई व्यवस्था से खासे नाराज हैं।
झाड़ू के साथ हंगामा करते पुराने कर्मी
नगर परिषद क्षेत्र का विस्तार होने के बाद अतिरिक्त मजदूरों की जरूरत पड़ी
बताया गया कि समाधान सेवा समिति और पथ्या नई दिल्ली को सफाई का जिम्मा मिला हुआ है। समाधान सेवा समिति के सचिव अतुल श्रेष्ठ ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र का विस्तार होने के बाद अतिरिक्त मजदूरों की जरूरत पड़ी है। यही नहीं सफाई का जिम्मा निविदा के माध्यम से ही मिला है। 300 अतिरिक्त मजदूरों की जरूरत है। फिलहाल नगर परिषद मजदूरों की भारी कमी से जूझ रहा है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में राजनीति हो रही है, जो कि सरासर गलत है। पहले के मजदूरों को काफी भड़काया जा रहा है और मजदूर फिलहाल किसी भी स्थिति में अधिकारियों की बात सुनने को राजी नहीं हैं। हंगामा खड़ा करने से किसी भी समस्या का समाधान नहीं होता। इसके लिए बातचीत से ही समस्या का समाधान किया जा सकता है। हालांकि नई व्यवस्था की जानकारी पुराने लोगों को देने के बाद हो सकता है मामले को समझने के बाद शायद उन लोगों की नाराजगी खत्म हो जाए। लेकिन उसके लिए जरूरी है कि पहले वह अधिकारियों की सुनें। मजदूरों से बातचीत कर ही समस्या का समाधान निकाला जाएगा।