Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'नीतीश कुमार मेरी राजनीति की हत्या करना चाहते', चिराग पासवान ने बिहार CM पर क्यों लगाया ऐसा आरोप

बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमलावर दिखाई दिए। इन दिनों एनडीए में जाने को लेकर चाचा पशुपति पारस के साथ रिश्ते फिर से सुधरने को लेकर चिराग चर्चा में हैं। उन्होंने अपने पिता की प्रतिमा के अनावरण के मौके पर बिहार सीएम पर कई प्रहार किए।

By Gaurav Kumar Edited By: Yogesh SahuUpdated: Sun, 23 Jul 2023 09:22 PM (IST)
Hero Image
'नीतीश कुमार मेरी राजनीति की हत्या करना चाहते', चिराग पासवान ने बिहार CM पर क्यों लगाया ऐसा आरोप

संवाद सूत्र, अतरी (गया)। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के अध्यक्ष सह सांसद चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार मेरी राजनीति की हत्या करना चाहते हैं, क्योंकि मैं हक और हकीकत की बात करता हूं। प्रदेश की तरक्की की बात करते हैं।

नीतीश कुमार इसलिए मेरी पार्टी को तोड़े थे, ताकि चिराग पासवान की राजनीति समाप्त हो जाए। नीतीश कुमार के अलावा बड़ी-बड़ी पार्टियां भी चाहती हैं कि चिराग पासवान के राजनीति की हत्या कर दी जाए, लेकिन चिराग पासवान की राजनीति खत्म नहीं हुई, बल्कि और आगे बढ़ गई।

वे नीमचक बथानी प्रखंड के धरम बिगहा गांव में रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की प्रतिमा का अनावरण एवं रामविलास पासवान इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल एवं डिग्री कालेज का शिलान्यास करने के लिए आए थे।

राजनीति में 75 साल बर्बाद कर दिए: चिराग

उन्होंने कहा कि हमलोग राजनीति में 75 साल बर्बाद कर दिए। 75 साल में कई राजनीतिक दल आए, राजनेता आए बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन हकीकत में आज भी हमारा प्रदेश बिहार पिछड़ा प्रदेश कहलाता है। आजादी पूरे देश को एकसाथ मिली तो फिर क्या बात है कि हमारा प्रदेश पिछड़ा कहलाता है।

सांसद ने कहा कि दिल्ली-मुंबई जैसे शहर चमचमाते हैं। प्रदेश में आज भी मूलभूत सुविधा हमारे लिए बड़ी चिंता बनी है। दूसरे प्रदेशों में जाइए तो लोग मल्टीप्लेक्स की बात करते हैं।

मेट्रो की बात करते हैं। बुलेट ट्रेन की बात करते हैं और हम लोगों की आज भी चिंता बनी रहती है कि कैसे हमारे आंगन में चापाकल लगे और नाली बने।

आखिर बिहार में क्यों नहीं उद्योग लगता: पासवान

बिहार के लोग दूसरे प्रदेशों में जाकर नौकरी करते हैं। आखिर बिहार में क्यों नहीं उद्योग लगता, आईटी सेक्टर क्यों नहीं खुलता, क्यों बिहार के शिक्षा व्यवस्था बेहतर नहीं हो सकती? महिलाओं और बुजुर्गों को दिल्ली एम्स में लाइन लगाना पड़ता है। इस पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।

राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह ने अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर तथा जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने चांदी का मुकुट देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पंकज कुमार सिंह, मुकेश कुमार, राजेश कुमार आदि मौजूद थे।