Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

शादीशुदा युवक दोस्त की साली से लड़ा बैठा था इश्क, तस्‍वीर पोस्‍ट करने पर जिगरी ने ही ली जान; पांच गिरफ्तार

Munger Murder Case 27 अगस्त की रात आदर्श थाना जमालपुर स्थित केशोपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप किसान राजू मंडल के पुत्र विपुल कुमार (20) की हुई हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने पूरे मामले से पर्दा उठाते हुए हत्या में प्रयुक्त हथियार और खोखा भी बरामद किया। हत्या में शामिल पांच आराेपितों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

By Rajnish KumarEdited By: Prateek JainUpdated: Tue, 29 Aug 2023 08:39 PM (IST)
Hero Image
हत्या मामले की जानकारी देते एसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी। जागरण

संवाद सहयोगी, मुंगेर: 27 अगस्त की रात आदर्श थाना जमालपुर स्थित केशोपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप किसान राजू मंडल के पुत्र विपुल कुमार (20) की हुई हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस ने पूरे मामले से पर्दा उठाते हुए हत्या में प्रयुक्त हथियार और खोखा भी बरामद किया। हत्या में शामिल पांच आराेपितों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विपुल की हत्या प्रेम-प्रसंग में हुई है।

आरोपित जमालपुर बड़ी केशाेपुर निवासी साजन कुमार की साली से विपुल का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कई बार साजन ने विपुल को धमकी भी दी थी। इसके बाद भी विपुल ने साजन की साली का पीछा नहीं छोड़ा।

इस बीच साजन ने दोस्तों के साथ मिलकर सौरभ के भांजे के जन्मदिन पर विपुल की हत्या की प्लानिंग की। पूरी साजिश से अनजान विपुल दोस्त सौरभ के कहने पर जन्मदिन पार्टी में पहुंचा।

शराब पार्टी के बाद आतिशबाजी हुई और हवाई फायरिंग भी की गई। इस बीच साजन के दोस्त ईदगाह रोड निवासी पवन मंडल ने सिर में विपुल को गोली मार दी। विपुल की साजन से अच्‍छी दोस्‍ती थी और उसके घर आना-जाना लगा रहता था।

आपत्तिजनक पोस्ट पर भड़का बहनोई

मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि साजन की साली के साथ विपुल का एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। घटना के कुछ दिन पहले विपुल ने साली के साथ की आपत्तिजनक तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट की थी।

पोस्ट इंटरनेट मीडिया से हटाने के लिए कई बार लड़की के बहनोई साजन ने विपुल को कहा, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ। साजन ने इसकी जानकारी विपुल की पत्नी को भी दी थी। 27 अगस्त की रात विपुल के दोस्त सौरभ के भांजे का जन्मदिन था।

जन्मदिन में विपुल की हत्या की साजिश रची गई थी। एसपी ने बताया कि हत्या के बाद एसडीपीओ सदर राजेश कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था।

इसमें जमालपुर थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार, ईस्ट कालोनी थानाध्यक्ष विजय यादवेंदू, दरोगा सुषमा कुमारी, ज्योति कुमारी, अजितेंद्र कुमार और पुलिस बल को शामिल किया गया था।

एसपी ने बताया कि हत्या के बाद विक्की और साजिद को गिरफ्तार किया गया। दोनों की निशानदेही पर साजन कुमार, शंकर पासवान और पवन मंडल को गिरफ्तार किया गया।

एसपी ने बताया कि हत्या मामले में आठ को नामजद और तीन से चार अज्ञात पर केस दर्ज किया गया था। चार नामजद आरोपितों को चिह्नित कर लिया गया है। सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। जल्द ही सभी गिरफ्त में होंगे।

पहले चलीं शराब फिर हवा में गोलियां

विपुल अपने दोस्त सौरभ के भांजे के जन्मदिन की पार्टी में गया था। जन्मदिन की पार्टी में शराब की पार्टी भी हुई थी। इसके बाद हर्ष फायरिंग में कई चक्र गोलियां भी चली थी। इसी बीच साजिश के तहत एक गोली पवन मंडल ने विपुल को मार दी, जिस कट्टे से गोली मारी गई थी, वह कट्टा पवन मंडल लेकर पार्टी में पहुंचा था।

घटना के दूसरे दिन भी कोठीयरा केशोपुर में दिवंगत विपुल के घर सन्नाटा पसरा हुआ था। मां-पिता और घर के सदस्य बदहवास है। रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग ढांढस बंधाने के लिए पहुंचते रहे।

लोगों की मानें तो सौरभ के भांजे के जन्मदिन की पार्टी में 30 से 40 मनचले युवक पहुंचे थे। जन्मदिन की पार्टी में डीजे व आतिशबाजी के साथ हवाई फायरिंंग भी हो रही थी। हालांकि, जमालपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर डीजे को बंद कराने के लिए सख्ती दिखाई।

घरवालों ने पुलिस को यह कहते हुए चलता किया कि उनकी घरेलू पार्टी है। यह सुनकर पुलिस चली गई। कुछ देर के बाद विपुल के स्वजनों व पुलिस को पता चला कि विपुल को गोली मारी गई है। पुलिस ने हर्ष फायरिंग को लेकर भी केस दर्ज किया है।

इन सभी की हुई गिरफ्तारी

  1. साजन कुमार-बड़ी केशाेपुर, जमालपुर
  2. शंकर पासवान-छोटी केशोपुर, जमालपुर
  3. विक्की कुमार, लोको गेट, जमालपुर
  4. मु. साजिद, जनता मोड़, जमालपुर
  5. पवन मंडल, ईदगाह रोड, जमालपुर