Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

JDU की महिला जिलाध्यक्ष को दबंगों ने बेरहमी से पीटा, चप्पल की माला पहनाकर सड़क पर घुमाया

जदयू की महिला जिलाध्यक्ष कामिनी पटेल पर सीतामढ़ी में दबंगों ने हमला कर दिया। उनके साथ न सिर्फ मारपीट की गई बल्कि चप्पल की माला पहनाकर सड़क पर घुमाया गया। यह घटना भारत-नेपाल सीमा पर बैरगनिया नगर पंचायत क्षेत्र की है। जख्मी जिलाध्यक्ष को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक के अनुसार उनकी दाईं आंख चोटिल हो गई है।

By Jagran News Edited By: Rajat Mourya Updated: Thu, 19 Sep 2024 02:32 PM (IST)
Hero Image
जदयू की महिला जिलाध्यक्ष को दबंगों ने बेरहमी से पीटा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

संवाद सूत्र, सीतामढ़ी/बैरगनिया। सीतामढ़ी में जदयू की महिला जिलाध्यक्ष कामिनी पटेल के साथ दबंगों ने हैवानियत की हद पार कर दी। जबरदस्त कहर बरपाया। बाल काट डाले। बेरहमी से पीटाई की। फिर जूता-चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। दरिंदगी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में लोग महिला जिलाध्यक्ष को चोर-चोर कहते सुनाई दे रहे हैं।

यह घटना बैरगनिया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 26 सेखौना गांव की है। जख्मी जिलाध्यक्ष को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक के अनुसार, उनकी दाईं आंख चोटिल हो गई है। पेट, कमर, कंधा पर भी काफी चोटें आई हैं। इस कदर उनकी पिटाई की गई है कि वह बोलने की हालत में नहीं हैं।

जख्मी महिला ने वार्ड पार्षद कोमल रानी के पति एवं प्रतिनिधि संजय सिंह सहित उनके परिवार के लोगों पर दुर्व्यवहार एवं जानलेवा हमला का आरोप लगाया है। महिला सेल के जिलाध्यक्ष की पिटाई के बाद पूरे राजनीतिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। सत्तारूढ़ पार्टी के महिला जिलाध्यक्ष के साथ हैवानियत की जानकारी के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।

एसपी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि पूर्व के विवाद को लेकर उक्त घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संजय सिंह को हिरासत में ले लिया है। मामले में पूछताछ जारी है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

क्या है पूरा मामला?

कामिनी पटेल की ओर से थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, 19 सितंबर की सुबह सात बजे वह ग्राम सेखौना स्व. रामपुकार सिंह की पत्नी मोस्मात रेणु देवी से मिलने गई थीं। उसी गांव के संजय सिंह पिता स्व. कामेश्वर सिंह मेरे पास आए और कहने लगे आपने मेरे खिलाफ पंचायती क्यों की? जान से मारने की नीयत से बुरी तरह पिटाई की, जिससे मेरी दाई आंख में चोट लग गई। पेट, कमर, कंधे पर भी काफी चोटें आईं।

उन्होंने कहा, मैं हल्ला करती रही किंतु संजय सिंह के डर से कोई मदद करने के लिए नहीं आया। मारपीट करने में उनके तीनों पुत्र क्रमश:- दीवाकर सिंह, प्रभाकर सिंह, रत्नाकर सिंह भी शामिल थे। दीवाकर सिंह ने भी दुर्व्यवहार किया और चेहरे पर थूक दिया। रत्नाकर सिंह ने लोहे की रॉड से सिर पर मारा। छिपने के क्रम में रॉड से आंख एवं कंधे पर चोट लगी।

'सभी ने मेरे बाल काट दिए'

कामिनी पटेल के अनुसार, संजय सिंह की पत्नी काेमल देवी एवं उसकी पुत्री लक्ष्मी कुमारी ने भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए जूता-चप्पल की माला मेरे गले में डाल दी। सभी ने मेरे बाल काट दिए। कोमल देवी ने गले से सोने का मंगलसूत्र वजन 10 ग्राम एवं मोबाइल फोन छीन लिया।

उन्होंने कहा कि संजय सिंह आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति है, जिसपर पूर्व से कई केस हैं। उसने मुझे धमकी दी कि हम तुम्हारे परिवार को कभी भी खत्म कर देंगे। लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। वहां से सदर अस्पताल सीतामढ़ी में भर्ती कराया गया।

आरोपी संजय सिंह ने गढ़ी दूसरी कहानी

इधर, इस पूरे मामले को लेकर मुख्य आरोपी नगर वार्ड पार्षद पति एवं उनके प्रतिनिधि संजय कुमार सिंह दूसरी ही कहानी बताते हैं। उन्होंने थाने में दिए आवेदन में कहा है कि जदयू महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष कामिनी पटेल गुरुवार सुबह 6:30 बजे तीन-चार लोगों के साथ उनके घर सेखौना पहुंचीं। उनके घर में घुस गईं और रंगदारी मांगने लगी।

महिला नेत्री के साथ एक लड़का था जिसने पिस्टल निकाल ली। यह देखकर हल्ला करके उन्होंने ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही महिला नेत्री को छोड़ अन्य सभी लोग भाग खड़े हुए। इसपर ग्रामीणों ने महिला नेत्री को पकड़ लिया। संजय सिंह का कहना है कि महिला नेत्री द्वारा रंगदारी मांगने, उनके साथ आए लड़के के द्वारा पिस्टल दिखाने, इंटरनेट मीडिया पर अश्लील शब्दों का प्रयोग करने इत्यादि को लेकर कार्रवाई की जाए।

ये भी पढ़ें- Nawada News: कृष्णा नगर अग्निकांड में 28 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज, अब तक 15 गिरफ्तार; 3 देसी कट्टा और 6 बाइक बरामद