Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

K K Pathak: निरीक्षण में नप गए हेडमास्‍टर साहब, अपर मुख्‍य सच‍िव ने किया निलंबित; पांच शिक्षकों का वेतन रोका

वैशाली शुक्रवार की सुबह विद्यालय खुलते शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने हाजीपुर सदर प्रखंड के एक विद्यालय पहुंच गए। निरीक्षण के क्रम में मध्य विद्यालय शुभई में मानक के अनुरूप वर्ग संचालन नहीं पाया गया। वहीं कई अन्य अनियमितताएं भी पाई गईं। इसके बाद उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को तत्काल निलंबित करने और उनके विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

By Chandra Bhushan Singh ShashiEdited By: Prateek JainUpdated: Fri, 11 Aug 2023 09:03 PM (IST)
Hero Image
हाजीपुर में विद्यालय निरीक्षण के दौरान छात्राओं से जानकारी लेते अपर मुख्य सचिव एवं अन्य।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर: शुक्रवार की सुबह विद्यालय खुलते शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने हाजीपुर सदर प्रखंड के एक विद्यालय पहुंच गए। निरीक्षण के क्रम में मध्य विद्यालय शुभई में मानक के अनुरूप वर्ग संचालन नहीं पाया गया।

वहीं, कई अन्य अनियमितताएं भी पाई गईं। इसके बाद उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को तत्काल निलंबित करने और उनके विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अपर मुख्य सचिव के विद्यालय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित कई अन्य पदाधिकारी साथ थे।

नामांकन में 80 बच्‍चे देख जताई नाराजगी

शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव ने हाजीपुर एवं राजापाकर प्रखंड के छह विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस क्रम में प्राथमिक विद्यालय रजौली में बताया गया कि इस विद्यालय में पांच शिक्षक पदस्थापित हैं, परंतु बच्चों का नामांकन मात्र 80 पाया गया।

इस पर उन्होंने नाराजगी प्रकट करते हुए तत्काल सभी शिक्षकों का वेतन बंद करने का निर्देश दिया और स्थिति में सुधार नहीं होने और बच्चों की उपस्थिति में वृद्धि नहीं होने पर वहां से शिक्षकों को अन्य जगह स्थानांतरित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए एवं शौचालय सहित विद्यालय परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। शिक्षा विभाग के डीपीओ स्थापना ने बताया है कि मध्य विद्यालय शुभई के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है।

मालूम हो कि अपर मुख्य सचिव के समस्तीपुर जाने के क्रम में जिले के कई विद्यालयों का निरीक्षण करने की खबर से शिक्षकों में हड़कंप मचा रहा।

बच्‍चों से पूछी कोंचि‍ग जाने की बात

जानकारों ने बताया कि उनके समस्तीपुर जाने की खबर के बाद सड़क किनारे के स्कूलों में शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों ने गुरुवार को ही सभी व्यवस्थाओं को ठीक कराया था, लेकिन शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव ने कई विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए कई शिक्षकों पर गाज गिरा दी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने वर्ग कक्ष में घूम-घूमकर पठन-पाठन का जायजा लिया। इस दौरान बच्चों से पूछा कि बच्चे प्राइवेट कोचिंग में पढ़ने तो नहीं जाते है। उन्होंने कहा कि स्कूल के समय पर कोई प्राइवेट कोचिंग नहीं चलेंगे।

विद्यालय में शौचालय की साफ-सफाई नहीं रहने पर नाराजगी प्रकट की। प्राथमिक विद्यालय रजौली के शौचालय में ताला लटका देखकर भड़क गए। बंद कमरे का ताला खुलवा कर देखा तो उसमें कई अनुपयोगी वस्तुओं के साथ बच्चों के खेलने का सामान भी रखा पाया गया।

इसके बाद उन्होंने प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षकों का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित करते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने रंदाहा एवं अजमतपुर सहित कई अन्य विद्यालयों का भी निरीक्षण किया।