Heath Streak: जिंबाब्वे के पूर्व कप्तान के निधन की खबर झूठी, हेनरी ओलंगा ने की पुष्टि
जिंबाब्वे क्रिकेट की तरफ से एक बेहद दुखद खबर आई थी। इसमें बताया गया था कि पूर्व कप्तान हीथ स्ट्रीक का 49 की उम्र में देहांत हो गया है। अब हेनरी ओलंगा ने ट्वीट कर पुष्टि कर कहा कि वह जिंदा हैं। बता दें कि उन्होंने 2000 से 2004 के बीच राष्ट्रीय टीम की कप्तानी भी की। स्ट्रीक इकलौते जिंबाब्वे के खिलाड़ी हैं जिन्होंने 100 या ज्यादा टेस्ट विकेट लिए।
नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। जिम्बाब्वे के महान क्रिकेटर हीथ स्ट्रीक के निधन की खबर उस वक्त अफवाह निकली, जब हेनरी ओलंगा ने इसे खारिज कर दिया। पहले हेनरी ने ही एक्स पर पोस्ट कर उनके मौत की खबर की पुष्टि की थी। अब फिर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर इस खबर को फेक बताया है।
गौरतलब हो कि स्ट्रीक के पूर्व साथियों के मुताबिक जिंबाब्वे के पूर्व कप्तान लंबे समय से कैंसर से लड़ाई लड़ रहे हैं। स्ट्रीक जिंबाब्वे के सर्वकालिक महान क्रिकेटरों में शुमार हैं।
I can confirm that rumours of the demise of Heath Streak have been greatly exaggerated. I just heard from him. The third umpire has called him back. He is very much alive folks. pic.twitter.com/LQs6bcjWSB
— Henry Olonga (@henryolonga) August 23, 2023
हीथ स्ट्रीक ने 2000 से 2004 के बीच जिंबाब्वे की कप्तानी की भी। 12 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में स्ट्रीक ने 65 टेस्ट और 189 वनडे मैच खेले। इस दौरान उन्होंने कई मौकों पर जिंबाब्वे क्रिकेट की प्रतिष्ठा को अकेले ही बचाया। वो जिंबाब्वे के एकमात्र क्रिकेटर हैं, जिन्होंने 100 टेस्ट विकेट लिए।
हेनरी ओलंगा ने दी थी जानकारी
जिंबाब्वे के पूर्व तेज गेंदबाज और हीथ स्ट्रीक के दोस्त हेनरी ओलंगा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिये यह जानकारी दी। ओलंगा ने ट्वीट किया, ''दुखद खबर आई है कि हीथ स्ट्रीक अब दूसरी दुनिया में चले गए हैं। जिंबाब्वे क्रिकेट के महान क्रिकेटर की आत्मा को शांति मिले। हमारे द्वारा दिया गया सबसे महान ऑलराउंडर। आपके साथ खेलना सम्मान की बात रही। जब मेरा गेंदबाजी स्पेल खत्म होगा तब आपसे दूसरी तरफ मिलता हूं।''
Sad news coming through that Heath Streak has crossed to the other side. RIP @ZimCricketv legend. The greatest all rounder we produced. It was a pleasure playing with you. See you on the other side when my bowling spell comes to an end...😔
— Henry Olonga (@henryolonga) August 22, 2023
भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। अश्विन ने ट्वीट किया, ''हीथ स्ट्रीक नहीं रहे। दुखद, बहुत दुखद।''
Heath Streak is no more. Sad!! Really sad. #RIP
— Ashwin 🇮🇳 (@ashwinravi99) August 23, 2023
करियर में जमाया एकमात्र टेस्ट शतक
हीथ स्ट्रीक मजबूत तौर पर अपनी सटीक लाइन लेंथ और किफायती गेंदबाजी के लिए जाने जाते थे। मगर बल्ले से भी वो धमाल करते रहे। मिडिल ऑर्डर में खेलकर स्ट्रीक ने 1990 टेस्ट जबकि 2943 वनडे रन बनाए। वेस्टइंडीज के खिलाफ हरारे में खेली 127 रन की पारी उनके टेस्ट करियर का एकमात्र शतक रहा।
करियर पर ऐसे लगा ब्रेक
हीथ स्ट्रीक के करियर की शुरुआत 1993 में हुई जब पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू किया। रावलपिंडी में खेले गए दूसरे टेस्ट में स्ट्रीक ने अपनी काबिलियत साबित की और 8 विकेट झटक दिए। 2005 में स्ट्रीक को संन्यास लेना पड़ा क्योंकि वारविकशायर के कप्तान के रूप में उनके दो साल का अनुबंध 2006 में खत्म हो रहा था। मगर खराब फॉर्म के कारण उन्हें पहले ही संन्यास लेना पड़ा। 2007 में स्ट्रीक इंडियन क्रिकेट लीग से जुड़े और उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का समापन हुआ।
संन्यास के बाद क्या किया
हीथ स्ट्रीक ने संन्यास लेने के बाद कोचिंग की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने जिंबाब्वे, स्कॉटलैंड, बांग्लादेश, गुजरात लायंस और कोलकाता नाइटराइडर्स के साथ काम किया। उनका करियर तब बर्बाद हुआ जब आईसीसी ने भ्रष्टाचार विरोधी उल्लंघन के कारण स्ट्रीक पर आठ साल का प्रतिबंध लगा दिया। इतने बड़े झटके के बावजूद स्ट्रीक की क्रिकेटर और कप्तान के रूप में विरासत अतुलनीय है। क्रिकेट की दुनिया को अपने सितारे की कमी जरूर खल रही है।
डिस्क्लेमरः जिंबाब्वे के पूर्व तेज गेंदबाज हेनरी ओलंगा ने पहले एक्स हैंडल पर हीथ स्ट्रीक की मौत की खबर की पुष्टि की थी। हेनरी ओलंगा ने कुछ देर के बाद दोबारा एक्स हैंडल पर जानकारी दी कि हीथ स्ट्रीक से उनकी बातचीत हुई और मौत की खबर महज अफवाह है। इस तरह ओलंगा ने अपना पूर्व पोस्ट डिलीट किया और ताजा जानकारी पोस्ट किया। हमारी वेबसाइट ने हेनरी ओलंगा के पोस्ट के आधार पर अपनी खबर को अपडेट किया है।