Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Chhath Puja: दिल्ली में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ संपन्न, बच्चों-बुजुर्गों में जबरदस्त उत्साह, देखें PHOTOS

राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में भी छठ पूजा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इसका समापन हो गया। लोग यमुना और कृत्रिम घाटों में डुबकी लगाकर छठ मनाते दिखे। इसको लेकर शहरों में भी खूब रौनक रही। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह देखा गया। वहीं हर जगह सुरक्षा को लेकर खास प्रबंध किए गए थे।

By Jagran NewsEdited By: Sonu SumanUpdated: Mon, 20 Nov 2023 09:47 AM (IST)
Hero Image
दिल्ली-एनसीआर में छठ पूजा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। लोक आस्था और प्रकृति के पावन पर्व छठ का आज उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही समापन हो गया। दिल्ली और एनसीआर में इसे बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह घाटों का निर्माण किया गया और छठव्रती इसमें उतरकर भगवान सूर्य की उपासना की। बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक में खासा उत्साह देखा गया। 

छठ घाटों पर जोड़े जोड़े फलवा सुरुज देव। घटवा पे तीवई चढ़ावेले हो। जल बिच खड़ा होई दर्शन ला आसरा लगावेले हो और चारू पहर राती जल-थल सेइला, सेइला चरन तोहार ये छठी मईया। दर्शन दीहिना आपार। दर्शन दीहिना आपार ये दीनानाथ...जैसे पारंपरिक छठ गीतों से गूंजायमान रहा। हर ओर भक्ति में विभोर श्रद्धालु नजर आए। छठ के गीत को गाते हुए श्रद्धालु फल और पूज सामग्री लेकर दोपहर से ही छठ घाटों पर पहुंच रहे थे। 

सूरज के उदयाचल होने से पहले छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही थी। सभी सोमवार तड़के घाटों पर पहुंचकर पूजा की तैयारी कर रहे थे। रिहायशी इलाकों में बने कृत्रिम छठ घाटों पर लोग पैदल ही पहुंचे थे, जबकि आईटीओ पर लोग अपने वाहनों और ऑटो रिक्शा के सहारे से पहुंचे थे। आईटीओ, कुदेसिया घाट के साथ ही करोलबाग, गोल मार्केट, मंदिर मार्ग, पंडारा पार्क, पहाड़गंज और राजेंद्र नगर समेत अन्य स्थानों पर अस्थाई घाटों पर संगम जैसा दृश्य देखते ही बन रहा था। कृत्रिम घाटों पर लोगों ने डुबकी लगाने के बाद उदयाचल सूर्य को अर्घ्य दिया। 

महिला से लेकर पुरुष, बुजुर्ग, गरीब-अमीर सब एक ही भावना और भक्ति में नजर आए। एनजीटी के निर्देशों का हवाला देते हुए यमुना में डूबकी लगाने पर प्रतिबंध होने की वजह से कृत्रिम घाट प्रशासन और छठ समितियों ने तैयार किए थे। इस दौरान पूजा समितियों के दिल्ली पुलिस और पूजा समितियों के स्वयंसेवकों लोगों की मदद के आतुर दिखे। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी सुरक्षा की निगरानी की जा रही थी। यातायात पुलिस भी विभिन्न स्थानों पर तैनात थी।

यमुना में डूबकी न लगा पाने से नाराज लोग 

वैसे तो रिहायशी इलाकों में कृत्रिम घाट तैयार थे, लेकिन आईटीओ, कुदेसिया, कालिंदी कुंज से लेकर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में लोग यमुना किनारे इस आस में पहुंचे कि वह यमुना जी में डुबकी लगाकर सूर्य को अर्घ्य देंगे लेकिन यहां पर पुलिस प्रशासन का पहरा था। साथ ही यमुना में पूजन से लेकर डुबकी लगाने की पूरी तरह मनाही थी। इस दौरान लोग नाराज नजर आए क्योंकि उनको उम्मीद थी कि यहां पर वह यमुना में डुबकी लगा सकेंगे।

नोएडा में धूमधाम से मना छठ पूजा

नोएडा में भी श्रद्धालुओं ने छठ पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया। व्रती महिलाएं तड़के से सूर्य को अर्घ्य देने के लिए यमुना, हरनंदी और घाटों पर पहुंचने लगीं। भगवान सूर्य के दर्शन के इंतजार में श्रद्धापूर्वक ठंडे जल में खड़े रहे।

ये भी पढ़ें- Delhi News: 31 दिसंबर तक संपत्ति का बनाएं यूपिक कार्ड, नहीं तो नगर निगम करेगा कड़ी कार्रवाई

व्रतियों ने सूर्योदय का समय होते ही सूर्य देव को अर्घ्य देते हुए संतान के सुखद और समृद्ध जीवन की मनोकामना की। साथ ही घाटों पर व्रतियों ने ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद का वितरण किया है। इस मौके पर लोगों ने व्रत के सफलता पूर्वक पारायण करने पर एक दूसरे को बधाई दी है। 

सूर्य देव की उपासना के महापर्व पर सेक्टर सोसायटी में महिलाएं श्रृंगार कर जल में खड़े होकर सूर्य देव की उपासना करती रहीं। सेक्टर 52 स्थित अरावली सोसायटी, सेक्टर 53 कंचनजंगा, सेक्टर 100 सेंचुरी अपार्टमेंट, सेक्टर 93 पार्श्वनाथ प्रेस्टीज, सेक्टर 151 जेपी अमन, सेक्टर 62 रजत विहार, सेक्टर 34, सेक्टर 26 सहित सैंकड़ों सोसायटी में महिलाओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। 

इसके साथ ही नोएडा स्टेडियम, सेक्टर 62 रामलीला मैदान, सेक्टर 71, यमुना तट व हरनंदी तट पर भी हजारों की संख्या में लोगों e व्रत का पारण किया है। इसके साथ ही हरनंदी नदी स्थित छिजारसी घाट और बहलोलपुर में लोगों ने प्रकृति के संरक्षण की प्रार्थना की गई।

गुरुग्राम में पूजा को लेकर दिखा उत्साह

महापर्व छठ के अवसर पर गुरुग्राम के सेक्टर 9 के समीप एक पार्क में छठ घाट पर  उगते सूरज को जल देने के लिए श्रद्धालु उमड़े। महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी में उत्साह देखा गया। इस दौरान खूब आतिशबाजी भी हुई। लोग अपने सिर पर प्रसाद का सामान ले जाते दिखे। पूरा इलाका अगरबत्तियों की खुश्बू से महक उठा। 

ये भी पढ़ें- Delhi Pollution: दिल्लीवासियों को राहत, हवा की गुणवत्ता में कुछ सुधार; अभी भी 'खराब' श्रेणी में AQI