Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Weather: दिल्ली में शनिवार से होगा मौसम में बदलाव, तीन दिनों तक होगी झमाझम बारिश; येलो अलर्ट जारी

राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग ने शनिवार से तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

By sanjeev Gupta Edited By: Sonu Suman Updated: Thu, 22 Aug 2024 10:48 PM (IST)
Hero Image
राजधानी दिल्ली में शनिवार से तीन दिनों तक होगी झमाझम बारिश।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिन भर तेज धूप खिली रहने के कारण बृहस्पतिवार को तापमान में ही वृद्धि नहीं हुई बल्कि दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी का सामना भी करना पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम स्तर की बरसात हो सकती है।

बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 88 से 61 प्रतिशत तक रहा।

कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहेगा। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इस बीच कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की वर्षा भी हो सकती है। शनिवार से मौसम में बदलाव होगा और तीन दिनों तक बीच-बीच में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। मौसम विभाग ने शनिवार से तीन दिनों का येलो अलर्ट भी जारी किया है।

लगातार 26वें दिन एक्यूआई 100 से नीचे

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 84 रहा। इस स्तर की हवा को 'संतोषजनक' श्रेणी में रखा जाता है। यह लगातार 26वां दिन है, जब एक्यूआई 100 से नीचे है।

12 साल बाद अगस्त में 20 दिन हुई बरसात

बारह वर्षों बाद इस साल अगस्त में 20 दिन वर्षा हुई है। इससे पहले 2012 में 22 दिन कम या ज्यादा वर्षा दर्ज की गई थी। अबकी बार अभी तक सिर्फ तीन और 22 अगस्त का दिन ही ऐसा रहा है जबकि बूंदाबांदी या हल्की वर्षा भी दर्ज नहीं की गई। इस दौरान एक अगस्त को सबसे ज्यादा 107 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। इस महीने अब तक 269.9 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से 54 प्रतिशत ज्यादा है। हालांकि अभी अगस्त के नौ दिन बाकी है, इसलिए माना जा रहा है कि 2012 का रिकार्ड भी इस बार टूट सकता है।

18 दिनों तक रही बादलों की मेहरबानी

इस बार चार से 21 अगस्त तक लगातार बादलों की मेहरबानी रही है। इन 18 दिनों में दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में कम या ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई। अगस्त की बरसात के मामले में इसे सबसे लंबा स्पैल माना जा रहा है। हालांकि मौसम विभाग अभी इस आंकड़े का विश्लेषण कर रहा है।

यह भी पढ़ेंः DDA Housing Schemes: 11.5 लाख में पूरा करें अपने घर का सपना, आज से आवेदन शुरू; पढ़ें पूरा प्रोसेस