Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

DUSU Election: दिल्ली यूनिवर्सिटी में 27 सितंबर को होंगे छात्र संघ के चुनाव, अगले दिन 28 को घोषित होंगे नतीजे

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU Election) चुनाव 2024 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 27 सितंबर को डीयू के 52 कॉलेजों और विभागों में मतदान होगा। केंद्रीय पैनल के लिए ईवीएम और कॉलेजों में काउंसलर के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा। नामांकन 17 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक किए जा सकते हैं। चुनाव के नतीजे 28 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।

By uday jagtap Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Tue, 03 Sep 2024 09:44 AM (IST)
Hero Image
डीयू में छात्र संघ चुनाव का बिगुल बजा। फोटो- जागरण

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव का बिगुल बज गया है। विश्वविद्यालय में 27 सितंबर को डूसू का केंद्रीय पैनल चुनने के लिए वोट डाले जाएंगे। 28 सितंबर को नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। केंद्रीय पैनल के चुनाव ईवीएम मशीनों से ही होंगे। कॉलेजों में काउंसलर चुनने के लिए बैलेट पेपर का उपयोग किया जाएगा।

डीयू की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, 17 सितंबर को दोपहर तीन बजे तक प्रत्याशियों को नामांकन दाखिल करने होंगे। 17 सितंबर को शाम 3.15 बजे नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। 18 सितंबर दोपहर 12 बजे तक प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।

प्रत्याशियों की अंतिम सूची शाम पांच बजे जारी कर दी जाएगी। 27 सितंबर को डीयू के 52 कॉलेजों और विभागों में मतदान होगा। मार्निंग कॉलेज के लिए मतदान सुबह 8.30 से दोपहर एक बजे तक और ईवनिंग कॉलेजों के लिए शाम तीन बजे से रात 7.30 बजे तक किया जा सकेगा।

शनिवार को पुलिस लाइन में वोटों की गिनती होगी। डीयू ने कहा कि डूसू केंद्रीय पैनल के लिए सभी नामांकन मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय कांफ्रेंस सेंटर, बाटनी विभाग के सामने उत्तरी परिसर के गेट संख्या चार पर किए जा सकेंगे। कॉलेजों और विभागों के काउंसलर के लिए नामांकन संबंधित कॉलेज और विभाग में होंगे।

डीयू ने कहा है कि केंद्रीय पैनल के लिए बताए गए पते पर डूसू चुनाव 2024-25 के कार्यालय में रखे सीलबंद बाक्स में किसी भी कार्य दिवस पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे।

चुनाव में 500 ईवीएम का किया जाएगा इस्तेमाल

काउंसलर की सदस्यता के लिए नामांकन पत्र संबंधित कॉलेज, विभाग और संस्थान से प्राप्त किए जा सकते हैं।सभी नामांकन पत्र दिल्ली विश्वविद्यालय की वेबसाइट (www.du.ac.in) से डाउनलोड किए जा सकेंगे। चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार होंगे।

डीयू की प्राक्टर प्रो. रजनी अब्बी ने बताया कि केंद्रीय पैनल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए मतदान ईवीएम के जरिये होंगे। पुरानी ईवीएम को ठीक करने का काम किया जा रहा है। चुनाव में लगभग 500 ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा।

बैलेट पेपर पर डाले जाएंगे वोट

कॉलेजों और विभागों में बैलेट पेपर पर वोट डाले जाएंगे। बता दें कि डीयू प्रशासन की ओर से चुनाव के लिए समिति पहले ही घोषित की जा चुकी है। संस्कृत विभाग के प्रोफेसर सत्यपाल सिंह को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। रसायन शास्त्र विभाग के प्रोफेसर राज किशोर शर्मा को मुख्य निर्वाचन अधिकारी और पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ. राजेश सिंह को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

पिछले वर्ष हुए चुनावों में ने केंद्रीय पैनल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने तीन पद जीते थे। एबीवीपी के तुषार डेढ़ा अध्यक्ष, अपराजिता सचिव और सचिन बैसला संयुक्त सचिव चुने गए थे। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के अभि दहिया ने उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया था।