Eid al-Adha 2021 Date: देशभर में 21 जुलाई को मनाया जाएगा ईद उल अजहा, रविवार को देश के कई हिस्सों में दिखा चांद
Eid al-Adha 2021 Date इमारत-ए-सरिया हिंद द्वारा जारी बयान मेें बताया गया कि रविवार को देश के विभिन्न स्थानों पर चांद देखा गया इस हिसाब से आज चांद की पहली तारीख है। चांद की दसवीं तारीख को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार मनाया जाता है।
नई दिल्ली [नेमिष हेमंत]। Eid al-Adha 2021: दिल्ली समेत देशभर में ईद-उल-अजहा 21 जुलाई को मनाया जाएगा। इस संबंध में इमारत-ए-सरिया हिंद द्वारा जारी बयान मेें बताया गया कि रविवार को देश के विभिन्न स्थानों पर चांद देखा गया, इस हिसाब से आज चांद की पहली तारीख है। चांद की दसवीं तारीख को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार मनाया जाता है।
21 जुलाई को देशभर में मनाया जाएगा कुर्बानी का त्योहार
इस तरह 21 जुलाई को देशभर में यह कुर्बानी का त्योहार मनाया जाएगा। इस्लाम में ईद के बाद इस त्योहार का बड़ा महत्व है। इस दिन पैगंबर हजरत इब्राहीम की याद में बकरे या बड़े जानवर की कुर्बानी दी जाती है। कहा जाता है कि हजरत इब्राहीम को कई मन्नतों बाद एक औलाद पैदा हुई जिसका नाम उन्होंने इस्माइल रखा। एक रात ख्वाब में हजरत इब्राहीम से अल्लाह ने उनकी सबसे सबसे प्यारी चीज की कुर्बानी मांग ली। अल्लाह के हुक्म पर वह अपने बेटे की कुर्बानी देने को तैयार हो गए। बेटे की कुर्बानी देने के वक्त हजरत इब्राहीम ने अपनी आंखों पर पट्टी बांध ली। कुर्बानी देने के बाद जब हजरत इब्राहीम ने अपने आंखों से पट्टी हटाई तो देखा कि उनका बेटा तो जिंदा है और बेटे की जगह अल्लाह ने एक दुंबे (एक जानवर) को कुर्बान कर दिया था। यहीं से इस्लाम में इस रिवायत की शुरुआत हुई।
पिछले साल कोरोना की वजह से घर में अदा करनी पडी थी नमाज
दिल्ली में ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद अल्लाह की रजा के लिए कुर्बानी दी जाएगी। कोरोना संक्रमण की वजह से पिछले साल लोगों को घर ही नमाज अदा करनी पड़ी थी, लेकिन इस बार लोगों को उम्मीद है कि ईदगाहों और मस्जिदों में जमात के साथ नमाज अदा कर सकेंगे। रविवार से ईदगाहों में साफ-सफाई का काम भी शुरू हो गया है।