Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Heatwave Alert: बाकी है दिल्ली एनसीआर में गर्मी का असली सितम, नहीं बरती सावधानी तो हो जाएंगे बीमार

Heatwave Alert दिल्ली और एनसीआर के शहरों में भीषण गर्मी से लगातार लोगों की तबीयत बिगड़ रही है। गर्मी बढ़ने से लोगों की जान को भी खतरा है ऐसे में गर्मी से बचाव के लिए जरूरी गाइडलाइन जारी की गई है।

By Abhishek TiwariEdited By: Updated: Mon, 16 May 2022 02:06 PM (IST)
Hero Image
अभी बाकी है दिल्ली एनसीआर में गर्मी का असली सितम

नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। दिल्ली एनसीआर में गर्मी लगातार बढ़ रही है, जिस कारण से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभी तो मई का आधा माह ही बीता है और अधिकतम तापमान गर्मी का रिकार्ड तोड़ रहा है। ऐसे में गाजियाबाद जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बेवजह घरों से बाहर न निकलें। किसी भी आपात स्थिति में निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।

गाजियाबाद के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि गर्मी में लगातार लोगों की तबीयत बिगड़ रही है। गर्मी बढ़ने से लोगों की जान को भी खतरा है, ऐसे में जिलाधिकारी के निर्देश पर गाइडलाइन जारी कर लोगों को गर्मी से बचाव के लिए कहा गया है।

गर्मी से बचाव के लिए अपनाएं ये सलाह

  • हल्के रंग के सूती, पतले एवं ढीले वस्त्र पहनें।
  • सिर पर तौलिया, गमछा बांधें अथवा टोपी लगाएं।
  • घर से बाहर निकलें तो धूप से बचाव के लिए छाता लेकर चलें।
  • बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
  • घर से बाहर निकलने के लिए सुबह और शाम का वक्त तय करें।
  • यात्रा करते समय पानी सदैव साथ रखें।
  • पानी एवं अन्य तरल पदार्थ जैसे छाछ, नींबू पानी आदि पिएं।
  • सुपाच्य और हल्का भोजन करें, बासी खाना न खाएं।
  • पशुओं का छायादार स्थान पर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाएं।
  • नवजात शिशुओं, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, मानसिक रोगियों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने दें।

लू और धूप का कहर, राहत को तरस रहे लोग

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में रविवार को सूरज ने खूब कहर बरपाया। रविवार सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक होकर 46 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। सुबह से ही सूरज ने आग उगलना शुरू कर दिया। दोपहर में बचाव का कोई साधन काम नहीं आया। पूरे कपड़े पहने हुए लोगों को भी शरीर में लू के थपेड़े लगे। कई को सिरदर्द की शिकायत होने लगी। देर शाम तक गर्म हवाओं ने पीछा नहीं छोड़ा। न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हुई है।

यह सामान्य से चार डिग्री अधिक होकर 29 डिग्री तक पहुंच गया। भारतीय मौसम विभाग विज्ञान (आइएमडी) ने सोमवार और मंगलवार को पारे में तीन से चार डिग्री गिरावट की संभावना जताई है, पर लू के थपेड़ों से परेशान होना पड़ेगा। बुधवार से तापमान में फिर से वृद्धि होगी।

बदला दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज, IMD ने पूरे सप्ताह के लिए जारी किया अलर्ट

लू के थपेड़ों से नहीं मिली राहत

गाजियाबाद में सोमवार सुबह मौसम एकाएक बदल गया। आकाश में बादल छा गए थे। वहीं दोपहर के समय आकाश से बादल छट गए। सूर्यदेव के तेवर भी फिर से तल्ख हो गए हैं। गर्म हवा चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज शाम को धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है। वहीं सोमवार को तामपान में भी गिरावट दर्ज की गई। आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया है। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया था। मंगलवार को भी आकाश में बादल छाए रहेंगे। हालांकि बारिश होने के बाद ही गर्म हवा से राहत मिल सकती है।