Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ghazipur Landfill Fire: भीषण आग की वजह से कई किमी तक फैला जहरीला धुआं, लोगों ने छोड़ा घर; आंखों में होने लगी जलन

Delhi News गर्मियां आते ही गाजीपुर लैंडफिल साइट (Ghazipur Landfill Site) पर आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया। रविवार शाम को लैंडफिल के एक हिस्से में भीषण आग लग गई। हवा चलने की वजह से धुआं छह किलोमीटर क्षेत्र में फैल गया। धुएं की वजह से लोगों को सांस लेने में परेशानी व आंखों में जलन होने लगी।

By SHUZAUDDIN SHUZAUDDIN Edited By: Geetarjun Updated: Mon, 22 Apr 2024 08:09 AM (IST)
Hero Image
भीषण आग की वजह से कई किमी तक फैला जहरीला धुआं।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। गर्मियां आते ही गाजीपुर लैंडफिल साइट (Ghazipur Landfill Site) पर आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया। रविवार शाम को लैंडफिल के एक हिस्से में भीषण आग लग गई। हवा चलने की वजह से धुआं छह किलोमीटर क्षेत्र में फैल गया। धुएं की वजह से लोगों को सांस लेने में परेशानी व आंखों में जलन होने लगी।

सूचना मिलते ही दमकल की नौ गाड़ियां लैंडफिल साइट पर पहुंचीं। दमकल व निगम की टीमें मशीनों के जरिये आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। खबर लिखे जाने तक आग लगी हुई थी।

मीथेन गैस हो सकती है वजह

आशंका है कि मीथेन गैस की वजह से आग लगी। आग खुद लगी या फिर किसी ने लगाई है। निगम व पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। उप महापौर आले मोहम्मद इकबाल ने साइट का निरीक्षण भी किया।

दोपहर से धुआं उठना हुआ शुरू

लैंडफिल साइट पर दोपहर से कूड़े से धुआं उठाना शुरू हो गया था। शाम होते ही आग भड़क गई और ऊंची-ऊंची लपटे उठने लगी। शाम 5:22 बजे दमकल को आग की सूचना दी गई। आग इतनी भीषण थी कि उसका धुआं आइईपी एक्सटेंशन, गाजीपुर, मयूर विहार, खोड़ा, इंदिरापुरम तक फैल गया। लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन होने लगी।

धुआं बढ़ने पर लोगों ने छोड़ा घर

इस समस्या से एनएच-नौ समेत आसपास की सड़कों पर वाहन चलाने वाले चालकों को भी जूझना पड़ा। धुआं बढ़ने पर गाजीपुर लैंडफिल साइट के पास मुल्ला कॉलोनी के कई लोग घरों को बंद करके दूसरे क्षेत्रों में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के घर चले गए।

कई किमी दूर रहने वाले भी परेशान

मुल्ला कॉलोनी में रहने वाले बिलाल अंसारी ने बताया कि एक वर्ष में कई बार लैंडफिल पर आग लगती है। इसके आसपास रहने वाले तो छोड़िये कई किलोमीटर दूर रहने वाले लोग भी लैंडफिल साइट से परेशान हैं।

यहां पर कूड़े में एक बार आग लगने पर उसपर काबू पाना मुश्किल हो जाता है, कई दिनों तक लगी रहती है। धुएं के कारण लोगों की आंखों से पानी निकलना रहता है। सांस लेने के लिए मुंह पर कपड़ा या मास्क लगाना पड़ता है।

गाजीपुर लैंडफिल साइट के एक छोटे से पैच ने आग पकड़ी थी। निर्देशानुसार सभी अधिकारियों को मौके पर भेज दिया गया था। स्थिति नियंत्रण में है। -शैली ओबेराय, महापौर, दिल्ली नगर निगम।

गाजीपुर लैंडफिल साइट पर आगजनी का मामला सामने आने के बाद घटना स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों को आग पर जल्द काबू पाने के निर्देश दिए। गर्मी और मौसम में ड्राइनेस की वजह से आग लगी है। आग पर काबू पाने के लिए 5 एक्स्कवेटर और अधिक दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं। -आले मोहम्मद इकबाल, उपमहापौर, दिल्ली नगर निगम।

दिल्ली लंदन तो नही बनी, लेकिन कूड़े के पहाड़ों पर बार-बार लग रही आग से लगता है राष्ट्रीय राजधानी को राख बनाकर ही छोड़ेगी। गाजीपुर लैंडफिल में लगी आग का वीडियो खौफनाक है। अब तो आप ही निगम में है। अब वह इसके लिए किसे जिम्मेदार ठहराएंगे। -भाजपा, दिल्ली प्रदेश

लैंडफिल का हिस्सा गिरने से हुई थी दो लोगों की मौत

गाजीपुर लैंडफिल साइट के पास एक नाला व नदी है, दोनों के बीच सड़क है। सितंबर 2017 में गाजीपुर लैंडफिल साइट का एक बड़ा हिस्सा नाले में गिर गया था, नाले का पानी सड़क पर आ गया था।

दाे कार व सात दो पहिया वाहर बहकर नदी में चले गए थे। इस हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई थी। यह लैंडफिल के इतिहास का सबसे बड़ा हादसा था। हादसे के वक्त लैंडफिल की ऊंचाई 50 मीटर के आसपास थी, जो निर्धारित ऊंचाई से 30 मीटर अधिक थी। इसको लेकर काफी राजनीति भी हुई थी।

12 जून 2023: गाजीपुर लैंडफिल साइट पर लगी आग।

20 अप्रैल 2022: एक माह में तीन बार गाजीपुर लैंडफिल साइट पर लगी आग।

29 मार्च 2022: गाजीपुर लैंडफिल साइट पर लगी आग को तीन में बुझाया गया।

एक अप्रैल 2021: गाजीपुर लैंडफिल साइट पर लगी आग