Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

World Book Fair: विश्व पुस्तक मेले में शनिवार को उमड़ा हुजूम, आज आखिरी दिन; किताबों पर खूब मिल रही छूट

विश्व पुस्तक मेले के लिए शनिवार को प्रगति मैदान में पाठकों की खासा हुजूम देखने को मिला। दिन भर मेले के हर मंडप में खासी रौनक देखी गई। सुबह से ही पाठकों की भीड़ जो जुटना शुरू हुई तो दोपहर तक आलम यह हो गया कि किसी भी हॉल में प्रवेश पाना कठिन हो गया। सभी हॉलों में पुस्तक प्रेमी लंबी लंबी लाइनों में प्रवेश करते देखे गए।

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Updated: Sun, 18 Feb 2024 12:01 AM (IST)
Hero Image
विश्व पुस्तक मेले में शनिवार को उमड़ा हुजूम, आज आखिरी दिन; किताबों पर खूब मिल रही छूट

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। World Book Fair: विश्व पुस्तक मेले के लिए शनिवार को प्रगति मैदान में पाठकों की खासा हुजूम देखने को मिला। दिन भर मेले के हर मंडप में खासी रौनक देखी गई। सुबह से ही पाठकों की भीड़ जो जुटना शुरू हुई तो दोपहर तक आलम यह हो गया कि किसी भी हॉल में प्रवेश पाना कठिन हो गया। सभी हॉलों में पुस्तक प्रेमी लंबी लंबी लाइनों में प्रवेश करते देखे गए। विभिन्न साहित्यिक कार्यक्रमों में भी पुस्तक प्रेमियों का खासा उत्साह देखने को मिला। मेला आयोजक राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) के मुताबिक शनिवार को मेले में आने वाले पुस्तक प्रेमियों की संख्या डेढ़ लाख का आंकड़ा पार कर गई। साहित्यकारों, शिक्षाविदों और इतने अधिक पुस्तक प्रेमियों के आने से हॉल नंबर एक से पांच जैसे जीवंत हो उठे।

रविवार को मेले का आखिरी दिन है। ऐसे में शनिवार को भी कमोबेश ज्यादातर स्टॉल्स पर लोग अपनी पसंदीदा पुस्तक खोजने में जुटे थे। प्रकाशकों ने भी छूट का दायरा बढ़ दिया है। कहीं से 25 से 30 प्रतिशत तक छूट मिल रही थी तो कहीं यह 40 से 50 प्रतिशत तक भी दी जा रही है। रविवार को पुस्तक प्रेमियों की भीड़ और बढ़ने का अनुमान है।

हॉल नं. दो में शनिवार को किताबघर प्रकाशन के स्टॉल पर दो नई पुस्तकों का लोकार्पण कार्यक्रम गणमान्य साहित्यकारों और सुधी पाठकों के सान्निध्य में संपन्न हुआ। पहली पुस्तक ''डॉ. विद्यानिवास मिश्र के निबंधों में सांस्कृतिक चेतना'' थी तो दूसरी पुस्तक डा कविता वर्मा लिखित उपन्यास ''प्रेम आखेट'' रहा। प्रभात प्रकाशन के स्टाल पर द्वारिका उनियाल द्वारा लिखी किताब ''मेरे आसान झूठ'' का लोकार्पण किया गया।

इस मौके पर लेखक सहित प्रभात प्रकाशन के निदेशक प्रभात कुमार और पीयूष कुमार भी मौजूद रहे। प्रभात कुमार ने कहा, " हम मेले में पाठकों के लिए नई नई किताबें लाने के साथ चर्चा सत्र भी आयोजित कर रहे हैं ताकि लेखक और पाठकों के बीच संवाद स्थापित किया जा सके।" राजकमल प्रकाशन के जलसाघर में आज निर्मल वर्मा और गगन गिल की किताबों का लोकार्पण हुआ। इस दौरान गगन गिल ने अपने जीवन से जुड़े कई आत्मीय संस्मरण साझा किए।

हॉल नं. पांच में स्थित आथर्स कार्नर पर लेखिका इंद्राणी मुखर्जी की पुस्तक "अनब्रोकन: द अनटोल्ड स्टोरी" के हालिया लांच पर विचार विमर्श हुआ। इसका पेपरबैक संस्करण हार्पर कालिन्स द्वारा जारी किया गया था, जिसे आडियोबुक के अनावरण के साथ पूरक किया गया। यह पुस्तक मुखर्जी की यात्रा की पेचीदगियों पर प्रकाश डालती है, जिसमें प्रेम, रिश्ते, विश्वासघात और मानवीय भावना के अदम्य लचीलेपन के विषयों को एक साथ पिरोया गया है।

इंद्राणी ने साहित्य की परिवर्तनकारी शक्ति पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, "मैं कहानी कहने की परिवर्तनकारी शक्ति में विश्वास करती हूं। साहित्य के माध्यम से, हम अपने जीवन को आकार देने वाले विविध आख्यानों को जोड़ते हैं, सहानुभूति रखते हैं और समझते हैं। प्रगति विचार साहित्य महोत्सव गहनता का उदाहरण है शब्दों का प्रभाव, एक ऐसे समुदाय को बढ़ावा देना जहां विचार पनपते हैं और कहानियां प्रेरणा देती हैं।"

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अंतर्गत भाषाओं के रंग, कवियों के संग में विभिन्न भाषाओं में कविता पाठ किया गया। शादाज बैंड द्वारा आकर्षण प्रस्तुति और हिमालयन बिट्स पर प्रस्तुति जैसे कार्यक्रमों ने दर्शकों को बांधे रखा।

17वें नक्षत्र मेले में भी पहुंच रही भीड़

भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) और फ्यूचर प्वाइंट के संयुक्त तत्वावधान में हॉल नं. सात ए, बी, सी में चल रहे 17वें नक्षत्र मेले में भी लोगों की भीड़ जुट रही है। यहां लोग परंपरागत ज्योतिष विद्या के साथ साथ इस दिशा में आई नई नई तकनीक की जानकारी और सेवाएं ले रहे हैं। मसलन, डा भावना भाटिया बता रही हैं कि आभा मंडल विकसित कर व्यक्ति का औरा बढ़ाया जा सकता है।

वह बताती हैं कि दिव्य आभा मंडल में नित्य अभिवृद्धि के लिए धार्मिक साहित्य वेद-पुराण में व्यक्ति के गिरते औरा में वृद्धि करने में मदद कर सकता है। इसमें पूजा-पाठ, इष्ट अराधना, अनुष्ठान, यज्ञ व योग के अभ्यास शामिल है। इसमें बताया है कि प्रातः काल नित्य 15 मिनट तक ओमकार का ध्यान व नाद योग करने से औरा मजबूत होता है। इससे सकारात्मक ऊर्जा से आभा मण्डल का विकास किया जा सकता है।