Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

South Delhi seat: यहां के दो सांसदों ने संभाली दिल्‍ली की कमान; सुषमा का था खास नाता, जनसंघ को यहीं से मिला था जीवन

South Delhi Lok Sabha Chunav 2024 updates देश में इस साल लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में आपको भी अपनी लोकसभा सीट और अपने सांसद के बारे में जानना भी जरूरी है ताकि इस बार किसको जिताना है इसे लेकर किसी तरह की कोई दुविधा न हो। आज हम आपके लिए लाए हैं दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट की पूरी जानकारी...

By Jagran News Edited By: Deepti Mishra Updated: Tue, 05 Mar 2024 06:12 PM (IST)
Hero Image
Lok Sabha Election 2024:दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट की पूरी जानकारी।

शनि पाथौली, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट एक मायने में और खास हो जाती है। दरअसल, यहां से सांसद रहते हुए दो नेताओं को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। हालांकि, वे अधिक समय तक मुख्यमंत्री नहीं रहे।

साल 1993 में दिल्ली में गठित पहली विधानसभा में भाजपा को जीत मिली। उस समय मदनलाल खुराना को मुख्यमंत्री बनाया गया। वे अटल बिहारी वाजपेयी के खास थे और दिल्ली में प्रथम पंक्ति के नेता थे। इससे पहले वे 1991 में दक्षिणी दिल्ली से लोकसभा के लिए चुने गए थे और 1993 में सांसद रहते हुए मुख्यमंत्री बने।

इसी तरह वर्ष 1998 में सुषमा स्वराज दक्षिणी दिल्ली से लोकसभा चुनाव जीतीं थीं, लेकिन उन्हें दिल्ली में 1998 के विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही साहिब सिंह वर्मा को हटाकर दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया गया।

 दिल्ली की दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट एक ऐसी सीट है, जिसने जनसंघ (भाजपा) को ही बड़ा सम्मान दिलाया है, अभी तक के हुए 15 लोकसभा चुनाव में यह सीट 10 बार भाजपा के खाते में रही है। यहां तक कि भाजपा ने इस सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी हरा दिया था।

दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद रहते हुए दो नेताओं को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वह अधिक समय तक मुख्यमंत्री नहीं रहे। इनमें भाजपा नेता मदनलाल खुराना व सुषमा स्वराज को मुख्यमंत्री बनाया गया।

दिल्ली की दिग्गजों वाली सीट

दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व बलराज मधोक, अर्जुन सिंह, मदनलाल खुराना, विजय कुमार मल्होत्रा और सुषमा स्वराज जैसे दिग्गजों ने किया है। यह लोकसभा सीट 1966 में अस्तित्व में आई। वर्ष 1967 में हुए लोकसभा चुनाव में ही यह हाट सीट बन गई।

इस सीट से जनसंघ (जो कांग्रेस के बाद दूसरी बड़ी और मुख्य विपक्षी पार्टी थी) के अध्यक्ष बलराज मधोक चुनाव मैदान में उतरे थे। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के भी संस्थापक थे। इस सीट के पहले चुनाव में मधोक ने जीत दर्ज की थी।

मनमोहन पर नहीं किया जनता ने भरोसा

अभी तक इस सीट पर हुए कुल 15 बार लोकसभा चुनाव हुए, जिनमें से नौ बार भाजपा, पांच बार कांग्रेस और एक बार जनता पार्टी को जीत मिली है। साल 1999 के लोकसभा चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने भी इस सीट से चुनाव लड़ा था। उन्हें भाजपा के उस समय के कद्दावर नेता प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा ने 30 हजार वोटों से हराया था। साल 2008 में इस सीट के क्षेत्र में आंशिक फेरबदल हुआ। इसमें कुछ और विधानसभा क्षेत्र जोड़े गए थे।

दक्षिणी दिल्ली लोकसभा में कितनी विधानसभा?

दक्षिणी दिल्ली लोकसभा में 10 विधानसभा सीट हैं। इनमें बिजवासन, पालम, महरौली, छतरपुर, देवली, अंबेडकर नगर, संगम विहार, कालका जी, तुगलकाबाद और बदरपुर सीटें आती हैं। 10 में से सिर्फ एक सीट बदरपुर भाजपा के पास है, बाकी नौ सीटों पर आम आदमी पार्टी का कब्‍जा हैं।

इस लोकसभा क्षेत्र की शान ये प्रसिद्ध स्थल

दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में ही ऐतिहासिक स्मारक कुतुबमीनार स्थित है। महरौली में बना दिल्ली का पहला किला लाल कोट, दिल्ली के संस्थापक राजा अनंगपाल के नाम से बना अनंग ताल, लोटस टेंपल, कालका जी मंदिर, छतरपुर मंदिर और मां कात्यायनी का प्रसिद्ध मंदिर आदि इसी लोकसभा क्षेत्र में स्थित हैं।

इस सीट पर 2019 लोकसभा चुनाव का परिणाम

पिछले लोकसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा के रमेश बिधूड़ी ने लगातार दूसरी बार बड़ी जीत दर्ज की थी। बिधूड़ी को छह लाख 87 हजार 14 वोट मिले थे। वहीं आप के राघव चड्ढा को तीन लाख 19 हजार 971 वोट मिले थे। इस तरह राघव को तीन लाख 67 हजार 043 वोट से बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस प्रत्याशी बॉक्सर विजेंदर कुमार को एक लाख 64 हजार 613 वोट मिले थे और कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई थी।

दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से अब तक रहे सांसद

साल सांसद पार्टी
1967 बलराज मधोक  जनसंघ
1971 शांति भूषण कांग्रेस कांग्रेस 
1977 विजय कुमार मल्होत्रा जनता पार्टी 
1980 चरणजीत सिंह कांग्रेस 
1984 ललित माकन कांग्रेस 
1985 अर्जुन सिंह कांग्रेस 
1989 मदनलाल खुराना भाजपा 
1991 मदनलाल खुराना भाजपा 
1996 सुषमा स्वराज भाजपा 
1998 सुषमा स्वराज भाजपा
1999 विजय कुमार भाजपा
2004 विजय कुमार भाजपा
2009 रमेश कुमार कांग्रेस
2014 रमेश बिधूड़ी भाजपा 
2019 रमेश बिधूड़ी भाजपा

यह भी पढ़ें - Chandni Chowk Seat: जिसने जीत ली यह सीट समझ लो उसकी हो गई चांदी-चांदी, संसदीय क्षेत्र नहीं यहां से तय होता है देश का भविष्‍य

यह भी पढ़ें - Internet voting: क्‍या शहर-राज्‍य से दूर होने पर भी डाल सकेंगे वोट? 20 से ज्यादा देशों में होते हैं ऑनलाइन चुनाव