Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हरियाणा प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित होंगे Elvish Yadav, सीएम मनोहर लाल ने की घोषणा

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की कि इंडियाज गोट टैलेंट यानी आईजीटी की तर्ज पर एक नवंबर को हरियाणा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने एल्विश यादव व उनके स्वजन का सम्मान कर उन्हें आश्वस्त किया कि एल्विश यादव की प्रतिभा को आगे बढ़ाने में हरियाणा सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। समारोह में एल्विश यादव को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

By Jagran NewsEdited By: Shyamji TiwariUpdated: Sun, 20 Aug 2023 09:20 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित होंगे Elvish Yadav, सीएम मनोहर लाल ने की घोषणा

गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। प्रदेश में इंडियाज गोट टैलेंट यानी आईजीटी की तर्ज पर एक नवंबर को हरियाणा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से हरियाणा की उभरती हुई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।

समारोह में 10 मेधावी होंगे सम्मानित

समारोह में 10 मेधावी युवा शक्ति को सम्मानित किया जाएगा। यह घोषणा प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार शाम ताऊ देवीलाल स्टेडियम में बिग बॉस (ओटीटी) सीजन-2 के विजेता एल्विश यादव के अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में प्रतिभा की कमी नहीं है। हरियाणा देश में ऐसा पहला प्रदेश है, जहां प्रत्येक क्षेत्र की प्रतिभाओं को उचित प्रोत्साहन देकर उन्हें प्रेरित किया जा रहा है।

हरियाणा के सीएम ने आगे कहा कि देश व प्रदेश के भविषय की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी की कंधों पर है। युवा वर्ग अपने हौसले और जुनून को सही मार्ग पर ले जाएं तो एक सकारात्मक समाज की रचना कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने समारोह में उपस्थित युवा शक्ति से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताएं। नशा एक सामाजिक बुराई है। युवाओं को नशे की लत से दूर रहना चाहिए, तभी उनका एवं राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल हो सकता है।

एक नवंबर से शुरू होगा प्रतिभा सम्मान समारोह

उन्होंने कहा कि युवा ही राष्ट्र के कर्णधार हैं। ऐसे में हम सभी को हमारे आसपास फैल रही इस बुराई के प्रति सावधान रहना होगा। मुख्यमंत्री ने एल्विश यादव व उनके स्वजन का सम्मान कर उन्हें आश्वस्त किया कि एल्विश यादव की प्रतिभा को आगे बढ़ाने में हरियाणा सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। इस वर्ष हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले हरियाणा प्रतिभा सम्मान समारोह में एल्विश यादव को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान एल्विश व उनके माता-पिता को बिग बॉस (ओटीटी) की विजेता ट्राफी भी भेंट की। समारोह में गुरुग्राम ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से काफी संख्या में युवा पहुंचे। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, जिले के उपायुक्त निशांत कुमार यादव, पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन, एसडीएम रविंद्र यादव, एल्विश यादव के पिता रामावतार यादव भी मौजूद थे।