Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Rohtak: अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने का महा षड्यंत्र रचने में लगी भाजपा, हरियाणा AAP प्रमुख ने लगाए आरोप

हरियाणा आप के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब से आप कांग्रेस में सीट शेयरिंग की वार्ता के आखिरी चरण में पहुंच गई है तभी से भाजपा बौखला गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब अपनी हार का डर सताने लगा है और यही कारण है कि भाजपा अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के लिए महा षड्यंत्र रचने में लग गई है।

By Omparkash Vashisht Edited By: Nidhi Vinodiya Updated: Fri, 23 Feb 2024 11:51 PM (IST)
Hero Image
अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने का महा षड्यंत्र रचने में लगी भाजपा, हरियाणा AAP प्रमुख ने लगाए आरोप

जागरण संवाददाता, रोहतक। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि जबसे आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में सीट शेयरिंग की वार्ता अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। तब से भाजपा बौखलाई हुई है। भाजपा को लोकसभा चुनाव में हार का डर सताने लगा है और अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के लिए महा षड्यंत्र रचने में लग गई है। इससे यह साबित होता है कि भाजपा सरकार अरविंद केजरीवाल से डरने लगी है। 

भाजपा महा षड्यंत्र रच रही- सुशील गुप्ता

डॉ. गुप्ता शुक्रवार को रोहतक पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में आइएनडीआइए गठबंधन की बातचीत सफलतापूर्वक अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। यह भी उम्मीद की जा रही है की सीट शेयरिंग बहुत सारे राज्यों में बहुत जल्दी घाोषित कर दी जाएगी। इसी से घबराकर भाजपा ने अब एक महान षड्यंत्र रचने की साजिश की है, जिससे यह गठबंधन टूट जाए। 

नेताओं के पास आ रहे मैसेज

उन्होंने कहा कि हम जल्द इस साजिश का आज पर्दाफाश करेंगे। उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी के बहुत सारे वरिष्ठ नेताओं के पास लगातार मैसेज आ रहे हैं कि अगर आम आदमी पार्टी ने आईएनडीआईए गठबंधन को नहीं छोड़ा तो पीएम मोदी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को सीबीआई से गिरफ्तार करवा देंगे। 

भाजपा से नहीं डरने वाली आप

उन्होंने कहा हमें यह भी जानकारी प्राप्त हुई है कि अगर आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन को छोड़ देती है और अकेले लोकसभा चुनाव लड़ती है तो सीबीआई और ईडी नोटिस भेजने बंद कर देंगे और अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, लेकिन आम आदमी पार्टी और इसके नेता इन गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं। चाहे कुछ भी हो जाए पार्टी देश की जनता के लिए लड़ाई जारी रखेगी। हम किसी भी हालत में भाजपा के सामने झुकेंगे नहीं और कोई समझौता नहीं करेंगे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विजेंद्र हुड्डा और अधिवक्ता महेश शर्मा मौजूद रहे।