Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

वर्षा के बीच भी जारी रहा सर्च अभियान

संवाद सहयोगी कुल्लू मणिकर्ण घाटी के चोझ गांव के गौहर नाला में बुधवार को भी सुबह आठ

By JagranEdited By: Updated: Wed, 13 Jul 2022 11:24 PM (IST)
Hero Image
वर्षा के बीच भी जारी रहा सर्च अभियान

संवाद सहयोगी, कुल्लू : मणिकर्ण घाटी के चोझ गांव के गौहर नाला में बुधवार को भी सुबह आठ बजे से सर्च अभियान शुरू हुआ। हल्की बारिश के बीच भी राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) व भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के अलावा ग्रेफ के जवानों के अलावा स्वजन व मजदूरों ने मोर्चा संभाले रखा। दोपहर करीब एक बजे बारिश बढ़ गई जिसके बाद कुछ समय के लिए खोदाई का कार्य रुक गया था। शाम को करीब तीन बजे लापता लोगों के स्वजन और उनकी ओर से खोदाई के लिए रखे गए मजदूर शाम छह बजे तक सर्च अभियान में लगे रहे।

आठवें दिन भी स्वजन की निगाहें अपने अपनों को ढूंढती रही, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। पूरे गौहर नाला में दो अलग-अलग जगहों पर खोदाई की जा रही है। करीब 12 फीट तक नाले में खोदाई हो चुकी है अब मात्र कुछ ही क्षेत्र शेष बचा है। स्वजन पत्थरों के नीचे और बाढ़ में बहकर आए मलबे व पेड़ों के नीचे एक-एक चीज को उठाकर वहां पर सुराग ढूंढ रहे हैं, लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद कुछ भी हाथ नहीं लग पाया है।

उधर, राजस्थान के पुष्कर निवासी लापता कपिल खत्री के बड़े भाई नवीन खत्री व अन्य मायूस होकर लौट गए। उन्होंने बताया कि इतने दिन में कपिल का कोई सुराग नहीं मिला है, प्रशासन की तरफ से भी शुरुआत में कोई विशेष सहयोग नहीं मिल पाया जिसके चलते उन्होंने अपने स्तर पर दिहाड़ी पर 10 मजदूर खोदाई के लिए लगाए थे। दो दिन से हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अभियान में तेजी लाई गई है, लेकिन अभी कुछ नहीं मिल पाया है। उम्मीद अभी टूटी नहीं है, कुछ दिन के बाद वह दोबारा आएंगे। वहीं, सुंदरनगर के रोहित शर्मा सहित अन्य लापता तीनों लोगों के स्वजन अभी उम्मीद लिए वहीं पर डटे हैं। सर्च अभियान में तेजी लाई गई है। एसडीआरएफ-आइटीबीपी व ग्रेफ के जवान सर्च अभियान के साथ-साथ बाढ़ प्रभावित घरों में घुसे मलबे को निकालने में सुबह से लेकर शाम तक लगे हुए हैं। अभी तक लापता चारों लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

-प्रशांत सरकैक, एडीएम कुल्लू।