Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अब स्‍पीति जाने के लिए देना होगा Green Tax, टैक्‍सी चालकों का बनेगा पास; व्‍यावसायिक और अन्‍य वाहनों के लिए भी दरें तय

अब स्पीति में जाने के लिए अब ग्रीन टैक्स देना होगा। प्रशासन ने व्यावसायिक व स्पीति से बाहर पंजीकृत वाहनों के लिए ग्रीन टैक्स की दरें तय कर दी हैं। स्पीति खंड के विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) काजा और ताबो में हिमाचल सहित देश भर के विभिन्न हिस्सों से आने वाले वाहनों को प्रवेश करने पर शुल्क अदा करना होगा। इसके लिए समदो में बैरियर स्थापित किया गया है।

By Jagran News Edited By: Himani Sharma Updated: Fri, 29 Dec 2023 01:22 PM (IST)
Hero Image
अब स्‍पीति जाने के लिए देना होगा Green Tax

जागरण संवाददाता, मंडी। लाहौल स्पीति जिला के स्पीति में जाने के लिए अब ग्रीन टैक्स देना होगा। प्रशासन ने व्यावसायिक व स्पीति से बाहर पंजीकृत वाहनों के लिए ग्रीन टैक्स की दरें तय कर दी हैं। स्पीति खंड के विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) काजा और ताबो में हिमाचल सहित देश भर के विभिन्न हिस्सों से आने वाले वाहनों को प्रवेश करने पर शुल्क अदा करना होगा।

इसके लिए समदो में बैरियर स्थापित किया गया है। टैक्स पहली जनवरी से लागू होगा और वाहन चालकों को से प्रति ट्रिप के हिसाब से लिया जाएगा। 24 नवंबर को विधायक रवि ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित साडा की बैठक में ग्रीन टैक्स लगाने का निर्णय लिया गया था।

ठोस कूड़ा प्रबंधन व सीवरेज प्रबंधन में आड़े आ रही पैसे की कमी

काजा और ताबो में पर्यटकों का आवागमन दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों में ठोस कूड़ा प्रबंधन, सीवरेज प्रबंधन के लिए साडा के पास वित्तीय अभाव है। आरएलए स्पीति में पंजीकृत निजी वाहनों को इस शुल्क से छूट रहेगी।

यह भी पढ़ें: किसानों की बल्ले-बल्ले: प्राकृतिक खेती अपनाई और किस्मत चमकाई, मटर की 12 करोड़ से अधिक फसल बेच हुए मालामाल

स्पीति के लोगों के वाहन अगर प्रदेश व देश के किसी अन्य आरएलए में पंजीकृत हैं। तो उनसे भी टैक्स नहीं लिया जाएगा। किन्नौर जिला के स्पीति के साथ सटे सुमरा गांव के लोगों के निजी वाहनों को ग्रीन टैक्स के दायरे से बाहर रखा गया है।

गर्मियों में लोसर में भी स्थापित होगा बैरियर

सर्दी में केवल समदो में टैक्स एकत्रित होगा। गर्मी में काजा मनाली मार्ग खुलने पर लोसर में बैरियर स्थापित किया जाएगा। यह बैरियर एक जून को शुरू होगा। टैक्स एकत्र करने के लिए आउटसोर्स आधार पर कर्मचारी नियुक्त होंगे। फिलहाल लोक निर्माण विभाग के कर्मी टैक्स एकत्र करेंगे।

यह रहेंगी ग्रीन टैक्स की दरें

दोपहिया वाहन 100,कार 200 रुपये, स्कार्पियों,मैक्सी कैब व अन्य वाहन 300 रुपये तथा बस और ट्रक का 400 रुपये।

स्पीति के टैक्सी के लिए विशेष सुविधा

आरएलए स्पीति में पंजीकृत टैक्सी वाहनों के लिए सालाना शुल्क की दरें तय की गई है। इन्हें साडा की ओर एक पास दिया जाएगा। यह एक साल तक मान्य होगा। उन्हें हर ट्रिप पर शुल्क नहीं देना होगा। बड़े वाहन जैसे मैक्सी और ट्रेवलर के लिए 2500 रुपये सालाना और 1500 रुपये छोटे वाहनों के का शुल्क रहेगा।

विदेश दौरे पर खर्च नहीं होगा पैसा

साडा शुल्क यानी ग्रीन टैक्स के लिए अलग से बैंक खाता खोला जाएगा। हर दिन एकत्रित होने वाला पैसा उसी दिन बैंक में जमा होगा। आउटसोर्स आधार पर रखे गए कर्मचारियों का वेतन और अन्य भत्ते साडा सदस्य जारी करेंगे। इस कोष से कोई वाहन नहीं खरीदा जाएगा। विदेश दौरे के लिए भी इस फंड का इस्तेमाल नहीं होगा।

यह भी पढ़ें: अब घुटने की हड्डी से मृतक की पहचान करना होगा आसान, आपदा और अपराध में मारे गए लोगों के आसानी से सुलझेंगे मामले

इन कार्यों पर खर्च होगा पैसा

ग्रीन टैक्स का पैसा सार्वजनिक शौचालय निर्माण, सोलर लाइट, सीसीटीवी, होर्डिंग बोर्ड, स्ट्रीट लाइट्स, सूचना पट्ट आदि पर खर्च होगा। स्थानीय पंचायतों को ठोस कूड़ा प्रबंधन और सीवरेज के लिए सहयोग किया जाएगा। स्पीति नदी के किनारे पर्यटकों के लिए सेंटर निर्मित होगा। स्पीति में नेचर पार्क, ईको टूरिज्म एंड वन्य प्राणी संरक्षण के कार्यों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

स्पीति आने वाले हर वाहन को ग्रीन टैक्स देना होगा। स्पीति को स्वच्छ सुंदर बनाने की दिशा में साडा काम कर रहा है। कार्यरत है। -हर्ष अमरेंद्र नेगी,एसडीएम काजा