Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand News: झारखंड के पांच स्वर्ण ब्लॉक नीलामी के लिए तैयार, जल्द शुरू होगा खनन

झारखंड में जल्द ही पांच स्वर्ण ब्लॉक से खनन आरंभ होगा। सभी ब्लॉक नीलामी के लिए तैयार हैं। इसकी प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। झारखंड राज्य भू-तात्विक पर्षद की बैठक में मंगलवार को खान निदेशक शशिरंजन ने यह जानकारी दी। खान निदेशक शशिरंजन ने खनन पट्टा क्षेत्रों के सीमांकन के लिए आधुनिकतम तकनीक के उपयोग पर बल दिया गया।

By Ashish Jha Edited By: Mohit Tripathi Updated: Tue, 24 Sep 2024 10:41 PM (IST)
Hero Image
झारखंड राज्य भू-तात्विक पर्षद की बैठक में खान निदेशक ने दी जानकारी। (सांकेतिक फोटो)

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में जल्द ही पांच स्वर्ण ब्लॉक से खनन आरंभ होगा। सभी ब्लॉक नीलामी के लिए तैयार हैं। इसकी प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। झारखंड राज्य भू-तात्विक पर्षद की बैठक में मंगलवार को खान निदेशक शशिरंजन ने यह जानकारी दी।

उन्होंने खनन पट्टा क्षेत्रों के सीमांकन के लिए आधुनिकतम तकनीक के उपयोग पर बल दिया गया। यह सुनिश्चित करने को कहा कि नीलामी के समय दो खनिज ब्लॉक के मध्य ओवरलैपिंग का मुद्दा सामने ना आए। इसके पूर्व खान सचिव जितेंद्र सिंह ने अधिक राजस्व वसूली पर फोकस करते हुए काम करने का निर्देश दिया।

खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह ने राज्य भू-तात्विक कार्यक्रम पर्षद की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नीलामी के लिए खनिज ब्लॉक तैयार करते हुए यह भी सुनिश्चित करें कि सरकार को अधिक से अधिक राजस्व प्राप्त हो।

बैठक में क्षेत्रीय सत्र 2023-24 में संपादित भूतात्विक अन्वेषण कार्यों की प्रगति तथा आगामी सत्र 2024-25 में प्रस्तावित खनिज अन्वेषण कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अपने संबोधन में सचिव ने कहा कि राज्य के समग्र विकास एवं राजस्व संग्रहण में तीव्रता के लिए खान एवं भूतत्व विभाग के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय बने रहना चाहिए।

सचिव ने विभागीय पदाधिकारियों को खनिज अन्वेषण के क्षेत्र में उपलब्ध आधुनिकतम तकनीक की जानकारी प्राप्त करते हुए उत्कृष्ट भूतात्विक प्रतिवेदन तैयार करने का सुझाव दिया। इसके लिए उन्होंने प्रशिक्षण सुविधा सरकार द्वारा उपलब्ध कराने की बात कही।

खान आयुक्त वरुण रंजन ने उपस्थित वैज्ञानिकों को प्रधानमंत्री गति शक्ति पोर्टल में उपलब्ध विभिन्न विभागों से संबंधित सूचनाओं का उपयोग करने का परामर्श दिया।