Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

वरली हिट एंड रन मामले का मुख्य आरोपी के साथ उसकी मां और दो बहनें भी गिरफ्तार, पिता ने फरारी में निभाई थी अहम भूमिका

Worli Hit And Run Case मुंबई के वर्ली इलाके में कथित तौर पर अपनी बीएमडब्ल्यू कार से एक स्कूटी को टक्कर मारकर फरार हुए 24 वर्षीय मिहिर शाह को पुलिस ने मंगलवार को हादसे के दो दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। मिहिर शाह शिवसेना (शिंदे) के नेता राजेश शाह का पुत्र है। पुलिस ने मिहिर शाह को मुंबई के निकट से गिरफ्तार किया है।

By Jagran News Edited By: Sonu Gupta Updated: Tue, 09 Jul 2024 08:47 PM (IST)
Hero Image
हिट एंड रन मामले में शिवसेना नेता का बेटा दो दिन बाद गिरफ्तार। फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। Mumbai BMW Accident: मुंबई में कथित तौर पर अपनी बीएमडब्ल्यू कार से एक स्कूटी को टक्कर मारकर फरार हुए 24 वर्षीय मिहिर शाह (Mihir Shah) सहित उसकी मां एवं उसकी दो बहनों को भी आज मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

हादसे में हुई थी महिला की मौत

गिरफ्तार किए गए लोगों में मिहिर को दो दिन तक छिपने में मदद करने वाले नौ और लोग भी शामिल हैं। शाह सत्तारूढ़ शिवसेना (शिंदे) के उपनेता राजेश शाह का पुत्र है। इस दुर्घटना में एक महिला की मृत्यु हो गई थी, और उसका पति घायल है।

कहां से गिरफ्तार हुआ मिहिर?

पुलिस ने मंगलवार को मुंबई के निकट से मिहिर शाह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मिहिर शाह के पिता राजेश शाह ने अपने बेटे की फरारी सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाई थी और उन्होंने अपने द्वारा चलाई जा रही बीएमडब्ल्यू कार को भी वहां से हटाने की योजना बनाई थी।

मुंबई में पॉर्श केस जैसा कांड, तेज रफ्तार BMW कार सवार ने बाइक में मारी टक्कर; मछली पकड़ने निकली महिला की मौत

घटना के बाद से ही था फरार 

रविवार तड़के मिहिर शाह जुहू स्थित एक बार में अपने दोस्तों के साथ पार्टी करके निकला था, और तेज गति से गाड़ी चलाते हुए एक स्कूटी को टक्कर मार दी थी। स्कूटी पर मछुवारे दंपत्ति कावेरी नखवा (45) एवं प्रदीप नखवा सवार थे। इस दुर्घटना में कावेरी नखवा की मौके पर ही कार से कुचलकर मृत्यु हो गई थी, और प्रदीप नखवा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस दुर्घटना के बाद मिहिर फरार हो गया था।

पुलिस ने बनाई थी 11 टीमें

मुंबई पुलिस ने मिहिर शाह को पकड़ने के लिए 11 टीमें बनाई थीं और क्राइम ब्रांच को भी शामिल किया था। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार सुबह हुई दुर्घटना के बाद मिहिर ने अपनी बीएमडब्ल्यू कार बांद्रा के कलानगर में ले जाकर खड़ी कर दी थी। वहीं से उसने अपने पिता राजेश शाह को फोन पर इस दुर्घटना की जानकारी दी थी। उसके बाद उसने अपना फोन बंद कर दिया था।

मदद करने वाले नौ लोगों को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद मिहिर की मां मिनी शाह एवं दो बड़ी बहनें पूजा एवं किंजल घर बंद करके फरार हो गई थीं। इसलिए पुलिस ने अब उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मिहिर को फरारी के दौरान मदद करने वाले नौ और लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

मिहिर के पिता राजेश शाह को अदालत में किया गया पेश

इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किए गए मिहिर के पिता राजेश शाह और परिवार के ड्राइवर राजर्षि बिदावत को सोमवार को मुंबई की एक अदालत में पेश किया गया और उन्हें क्रमश: 14 दिन की न्यायिक और एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि बाद में राजेश शाह को अदालत ने जमानत दे दी, जबकि स्थानीय अदालत ने मंगलवार को ड्राइवर बिदावत की पुलिस हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ा दी।

सीएम शिंदे ने क्या कहा?

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने कहा था कि इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। शिंदे ने एक दिन पहले ही कहा था कि जब तक मैं मुख्यमंत्री हूं, किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह अमीर हो, प्रभावशाली हो, नौकरशाहों या मंत्रियों की संतान हो, किसी भी पार्टी से संबद्ध हो, छूट नहीं मिलेगी।

महाराष्ट्र में हिट एंड रन का एक और मामला, युवक की मौत

महाराष्ट्र में हिट एंड रन का एक और मामला सामने आया है। नागपुर में एक अज्ञात वाहन ने 23 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना रविवार रात करीब 11.20 बजे हुई। घटनास्थल के पास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी राहुल खैरवार के रूप में हुई है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः मुंबई में पॉर्श केस जैसा कांड, तेज रफ्तार BMW कार सवार ने बाइक में मारी टक्कर; मछली पकड़ने निकली महिला की मौत

Pakistan: पाकिस्तान में भी चीन जैसा सर्विलांस, अब फोन कॉल की भी निगरानी करेगी ISI; सरकार ने इस कारण उठाया कदम