Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

EC ने डीडी और रेडियो पर चुनाव प्रचार के लिए समय किया आरक्षित, राजनीतिक दल को मुफ्त में मिलेंगे करीब 130 घंटे

चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को जनता के बीच अपने मुद्दों को पहुंचाने के लिए दूरदर्शन और आकाशवाणी पर मुफ्त में करीब 130 घंटे मुहैया कराए है। दोनों ही प्लेटफार्मों पर राजनीतिक दलों के लिए करीब 65-65 घंटे का समय आरक्षित किया है। इनमें राष्ट्रीय पार्टियों के लिए दोनों प्लेटफार्मों पर करीब 50 घंटे का समय आवंटित किया गया है।

By Jagran News Edited By: Anurag GuptaUpdated: Thu, 04 Apr 2024 11:45 PM (IST)
Hero Image
EC ने चुनाव प्रचार के लिए समय आरक्षित किया (फाइल फोटो)

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को जनता के बीच अपने मुद्दों को पहुंचाने के लिए दूरदर्शन और आकाशवाणी पर मुफ्त में करीब 130 घंटे मुहैया कराए है। दोनों ही प्लेटफार्मों पर राजनीतिक दलों के लिए करीब 65-65 घंटे का समय आरक्षित किया है। इनमें राष्ट्रीय पार्टियों के लिए दोनों प्लेटफार्मों पर करीब 50 घंटे का समय आवंटित किया गया है। इस दौरान भाजपा को दोनों प्लेटफार्मों पर सबसे अधिक 1206 मिनट यानी करीब 20 घंटे का समय दिया गया है, वहीं कांग्रेस को 740 मिनट यानी करीब साढ़े बारह घंटे का समय दिया गया है। इस दौरान वह दोनों ही प्लेटफार्मों के नेशनल और क्षेत्रीय चैनल पर अपनी बात रख सकेंगे।

चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों के बीच डीडी व रेडियो चैनलों पर समय का यह बंटवारा उनके पिछले चुनाव में प्रदर्शन के आधार पर किया है। साथ ही निर्देश दिया है, कि वह इस मुफ्त समय का इस्तेमाल जनता तक अपने मुद्दे और अपनी बात रखने के लिए करेगें। इस दौरान वह भाषा, धर्म, जाति या फिर किसी व्यक्ति को लेकर किसी भी तरह निजी टिप्पणी नहीं करेंगे। साथ ही किसी देश को और राष्ट्रपति और न्यायपालिका को लेकर भी कोई गलत टिप्पणी नहीं कर सकेगा। आयोग ने इस दौरान राजनीतिक दलों के बीच स्वस्थ चर्चा के लिए दोनों ही प्लेटफार्मों पर चर्चा का भी आयोजन किया है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को इस चर्चा में हिस्सा लेने के लिए अपने प्रतिनिधियों को नामित करने का भी सुझाव दिया है।

यह भी पढ़ें: क्या होता है चुनावी घोषणापत्र? इसे लेकर क्या है सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग की गाइडलाइन

गौरतलब है कि राजनीतिक दलों को दूरदर्शन व आकाशवाणी जरिए प्रचार के लिए मुफ्त समय देने की यह पहल 1998 में शुरू की गई थी।आयोग का मानना है कि इससे सभी राजनीतिक दलों को जनता तक अपनी बात पहुंचाने का मौका मिलेगा। इससे चुनावी रैलियों में जुटने वाली भीड़ में भी कमी आएगी।

किस राष्ट्रीय पार्टी को कितना समय दिया (समय मिनट में)

क्षेत्रीय चैनलों पर (समय मिनट में)

पार्टी दूरदर्शन आकाशवाणी
आप 47 47
बीएसपी 64 64
बीजेपी 241 241
सीपीआइ(एम) 54 54
कांग्रेस 148 148
एनपीपी 45 45

क्षेत्रीय चैनलों पर (समय मिनट में)

पार्टी दूरदर्शन आकाशवाणी
आप 71 71
बीएसपी 96 96
बीजेपी 362 362
सीपीआइ(एम) 81 81
कांग्रेस 222 222
एनपीपी 68 68

(क्षेत्रीय पार्टियों में टीएमसी और डीएमके सबसे अधिक समय)

राजनीतिक दलों को प्रचार के लिए डीडी और आकाशवाणी पर आवंटित किए गए मुफ्त समय में क्षेत्रीय पार्टियों का भी पूरा ख्याल रखा गया है। इस दौरान टीएमसी को सबसे अधिक दोनों ही प्लेटफार्म पर 71-71 मिनट का समय दिया है, जबकि डीएमके के लिए 51-51 मिनट का समय दोनों ही प्लेटफार्मों पर आवंटित किया गया है। इस दौरान सभी 59 क्षेत्रीय पार्टियों को दूर दराज क्षेत्रों में प्रचार के लिए सेटेलाइट प्लेटफार्मों के जरिए भी अपनी बात करने के लिए दस-दस मिनट का समय दिया गया है।

यह भी पढ़ें: चुनाव में नेता न करे सूचनाओं और भ्रामक जानकारियों का प्रचार, ECI ने ऑनलाइन पोर्टल किया लांच; आप ऐसे कर सकते हैं शिकायत