Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

शुभंकर सरकार बने बंगाल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, अधीर रंजन चौधरी की ली जगह

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुभंकर सरकार को तत्काल प्रभाव से पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वर्तमान में शुभंकर सरकार पार्टी में एआईसीसी सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनको अधीर रंजन चौधरी की जगह पर नियुक्त किया गया है। कांग्रेस ने अपनी विज्ञप्ति में कहा कि पार्टी निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी के योगदान की सराहना करती है।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Sun, 22 Sep 2024 12:23 AM (IST)
Hero Image
शुभंकर सरकार बने बंगाल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष

 जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कांग्रेस नेतृत्व ने शुभंकर सरकार को शनिवार को तत्काल प्रभाव से बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनको अधीर रंजन चौधरी की जगह पर बंगाल कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

वर्तमान में शुभंकर सरकार पार्टी में एआइसीसी सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने देर रात उनकी नियुक्ति से संबंधित पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी।

इसमें कहा गया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुभंकर सरकार को तत्काल प्रभाव से बंगाल कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्हें एआइसीसी सचिव के रूप में उनके वर्तमान पद से मुक्त कर दिया गया है। पार्टी ने इसी के साथ निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी के योगदान की सराहना की है।

बता दें कि लगातार पांच बार के सांसद रहे वरिष्ठ नेता अधीर को इस बार लोकसभा चुनाव में अपने गढ़ यानी मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर में तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी व पूर्व क्रिकेटर युसूफ पठान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद अधीर के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की खबरें सामने आई थी। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने तब तक अस्थाई अध्यक्ष के रूप में उन्हें काम करने को कहा था।

दरअसल, लोकसभा चुनाव में अधीर और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी में काफी तल्खी देखने को मिली थी। इसको लेकर शीर्ष नेतृत्व से भी अधीर के टकराव की खबरें सामने आई थीं। अधीर ने खरगे के रवैए पर नाराजगी भी जताई थी।